झारखंड के जामताड़ा जिले के राजेश रवानी ने करीब 25 साल तक भारी ट्रक चलाकर परिवार की जिम्मेदारियां संभालीं. हाईवे किनारे खाना बनाने और अपनी यात्राओं के वीडियो साझा करने के बाद वह YouTube पर लोकप्रिय हो गए. उनका चैनल ‘R Rajesh Vlogs’ अब करीब 30 लाख सब्सक्राइबर और एक अरब से अधिक व्यूज का आंकड़ा पार कर चुका है.

रवानी का डिजिटल सफर 2021 में शुरू हुआ. शुरुआत में वह WhatsApp के जरिए परिवार को अपनी तस्वीरें और छोटे वीडियो भेजते थे. उनके बेटे सागर रवानी ने इन वीडियो को एडिट कर YouTube पर अपलोड करना शुरू किया. दर्शकों की मांग पर बनाए गए एक फेस-रिवील वीडियो को 24 घंटे में करीब 4.5 लाख व्यूज मिले, जिसके बाद चैनल की लोकप्रियता तेजी से बढ़ी.

कमाई से तैयार किया कस्टम ट्रक

रवानी ने पुराने ट्रक ड्राइवर के तौर पर मिलने वाली करीब 25,000 से 30,000 रुपये की मासिक आय की तुलना में YouTube से कई गुना अधिक कमाई की. उनके मुताबिक, कुछ महीनों में यह आय 4 से 5 लाख रुपये तक पहुंची और कभी-कभी 18 लाख रुपये तक भी गई.

इसी कमाई से उन्होंने अपने सफर के लिए एक कस्टम ट्रक तैयार कराया. इसमें एयर कंडीशनिंग, स्टोरेज कैबिनेट, बेहतर इंटीरियर और मोबाइल किचन जैसी सुविधाएं शामिल हैं. सोशल मीडिया पर इसे ‘India’s Most Luxurious Truck’ के नाम से पेश किया गया है.