राजनांदगांव शहर में मोटरसाइकिल चोरी के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने 20 वर्षीय घनश्याम जोशी को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपी की निशानदेही पर चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद की गईं. दोनों वाहनों की कुल कीमत करीब 30 हजार रुपए बताई गई है. आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया.

पुलिस के मुताबिक, 11 अक्टूबर को सुबह करीब 5 से 7 बजे के बीच उद्यचल रोड स्थित समता मंच के पास से एक मोटरसाइकिल चोरी हुई थी. इस संबंध में वाहन मालिक ने 13 अक्टूबर को कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई. चोरी हुई बाइक का नंबर CG 08 AC 3428 है और इसकी कीमत करीब 20 हजार रुपए बताई गई है. पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 642/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत जांच शुरू की.

CCTV फुटेज से मिला सुराग

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली. पुलिस के अनुसार, फुटेज से मिले सुराग और मुखबिर की सूचना के आधार पर घनश्याम जोशी को हिरासत में लिया गया. वह भालूकोन्हा, थाना घुमका का निवासी है और वर्तमान में राजनांदगांव के जय स्तंभ चौक क्षेत्र में रह रहा था.

पुलिस ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया. उसकी निशानदेही पर समता मंच के पास से चोरी हुई बाइक के अलावा TVS Power Excel भी बरामद की गई. दूसरी बाइक का नंबर CG 08 AN 3283 है, जिसे 8 अक्टूबर को ईमाम चौक ओवरब्रिज के नीचे से चोरी किया गया था. इसकी कीमत करीब 10 हजार रुपए बताई गई है.

पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ वर्ष 2024 में चोरी के चार, नकबजनी-चोरी का एक और आबकारी अधिनियम का एक मामला दर्ज था. इन मामलों में न्यायालय में चालान पेश किए जा चुके हैं.