राजनांदगांव जिले के चिखली चौकी क्षेत्र के ग्राम बोरी में अपने भाई पर बेसबॉल के डंडे और चाकू से हमला करने के आरोप में पुलिस ने 24 वर्षीय गुलशन कुमार ताम्रकर को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, हमले में पीड़ित गंभीर रूप से घायल हुआ था. आरोपी पर चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है.

पुलिस के अनुसार, पीड़ित ने 30 अक्टूबर को चिखली चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी. उसने बताया कि शाम करीब 5 बजे वह गांव की किराना दुकान के पास खड़ा था. इसी दौरान गुलशन वहां पहुंचा. वह गांव के एक युवक से हुए विवाद को लेकर नाराज था और पीड़ित को इसके लिए जिम्मेदार बताते हुए उससे बहस करने लगा.

शिकायत के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर आरोपी ने गाली-गलौज की और बेसबॉल के डंडे से पीड़ित के सिर, माथे और शरीर के अन्य हिस्सों पर वार किए. इसके बाद उसने चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी.

मामले में पुलिस ने मारपीट, धमकी और आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की. पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश पर विशेष टीम बनाई गई. पुलिस का कहना है कि मुखबिर की सूचना पर आरोपी को ग्राम बोरी के बाहरी खार से पकड़ा गया.

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के बाद आरोपी की निशानदेही पर हमला करने में इस्तेमाल बेसबॉल का डंडा और चाकू बरामद किए गए. गुलशन को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया. पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले भी मारपीट, आर्म्स एक्ट और आबकारी एक्ट से जुड़े मामले दर्ज हैं.