राजनांदगांव जिले के चिखली क्षेत्र में लोगों को पिस्टल दिखाकर डराने-धमकाने के आरोप में पुलिस ने चार युवकों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से काले रंग की एक पिस्टल और मैगजीन बरामद की गई है. सभी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं 25 और 27 के तहत कार्रवाई की गई है.
पुलिस के मुताबिक, असामाजिक तत्वों और गुंडा-बदमाशों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चिखली पुलिस पेट्रोलिंग कर रही थी. 1 अक्टूबर की रात टीम को सूचना मिली कि बड़ा तालाब पार रमन बाजार, चिखली में एक युवक पिस्टल दिखाकर लोगों को धमका रहा है. इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर धनुष साहू उर्फ गोलू (19) को हिरासत में लिया. तलाशी के दौरान उसके पास से पिस्टल और मैगजीन मिलने का दावा किया गया है.
पूछताछ के आधार पर तीन अन्य आरोपी पकड़े गए
पुलिस का कहना है कि पूछताछ में धनुष साहू ने शेख शहबाज उर्फ शिब्बू और जफर मोमीन के साथ मिलकर पिस्टल खरीदने की जानकारी दी. पुलिस के अनुसार, ये तीनों ऐश्वर्य झा उर्फ राम के साथ तालाब क्षेत्र और रमन बाजार में लोगों को पिस्टल दिखाकर डराते थे. इसके बाद बाकी तीनों को भी हिरासत में लिया गया.
पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया. हालांकि, इन आरोपों और कथित स्वीकारोक्ति का अंतिम निर्धारण न्यायिक प्रक्रिया में होगा. चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू की गई है.
पुलिस के अनुसार, शेख शहबाज के खिलाफ आर्म्स एक्ट, आबकारी एक्ट, मारपीट और प्रतिबंधात्मक धाराओं समेत दो दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं. जफर मोमीन, ऐश्वर्य झा और धनुष साहू के खिलाफ भी पूर्व में आपराधिक या प्रतिबंधात्मक मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है.
