राजनांदगांव के चिखली वार्ड में स्थानीय लोगों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर राजनांदगांव-खैरागढ़ मुख्य मार्ग पर चक्का जाम किया. प्रदर्शन करीब एक घंटे तक चला, जिससे मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा. बड़ी संख्या में वार्डवासी सड़क पर बैठकर अपनी मांगों के समर्थन में विरोध जताते नजर आए.

प्रदर्शनकारियों ने चिखली में अंडरब्रिज निर्माण और इससे जुड़े अधूरे कार्यों का मुद्दा उठाया. उनका कहना है कि अंडरब्रिज की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हुआ है. लोगों ने क्षेत्र में पानी की समस्या, खराब सड़क और लगातार हो रहे हादसों को लेकर भी प्रशासन से कार्रवाई की मांग की.

वार्डवासियों ने क्षेत्र में खुलेआम शराबखोरी और नशे के सेवन का आरोप लगाते हुए इस पर रोक लगाने की मांग की. उनका कहना है कि नशे के कारण विवाद और मारपीट की घटनाएं होती हैं, जिससे लोगों में असुरक्षा की भावना है. प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने स्थानीय वार्ड पार्षद के खिलाफ भी नारेबाजी की.

चक्का जाम की सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची. अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और कार्रवाई का आश्वासन दिया. समझाइश के बाद लोगों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया, जिसके बाद मुख्य मार्ग पर यातायात सामान्य हो गया. प्रदर्शन के दौरान वार्डवासी इंद्राणी साहू और रमेश ने स्थानीय समस्याओं को लेकर अपनी बात रखी.