राजनांदगांव में दीपावली और अन्य त्योहारों के दौरान सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने विशेष योजना तैयार की है. पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने जिले के राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की.

बैठक में अपराध रोकने, यातायात व्यवस्था संभालने और बाजारों व व्यावसायिक क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने पर जोर दिया गया. पुलिस ने फील्ड और प्रिवेंटिव पुलिसिंग के तहत प्रमुख बाजारों में पैदल गश्त करने की योजना बनाई है. यहां अस्थायी पुलिस सहायता केंद्र और हेल्प डेस्क भी बनाए जा रहे हैं.

त्योहारों के दौरान खरीदारी के लिए बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए नो-पार्किंग जोन और पार्किंग व्यवस्था तय की गई है. जरूरत के अनुसार ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू किया जाएगा. रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर यात्रियों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए सिविल ड्रेस में पुलिसकर्मियों और पेट्रोलिंग यूनिट्स की तैनाती की जा रही है. इन टीमों को संदिग्ध गतिविधियों और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने की जिम्मेदारी दी गई है.

पुलिस ने सराफा व्यापारियों और चेंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधियों के साथ सुरक्षा उपायों की समीक्षा की है. व्यापारियों से दुकानों के सीसीटीवी कैमरे चालू रखने और पॉकेटमारी व चोरी को लेकर सतर्क रहने को कहा गया है.

कंट्रोल रूम से भीड़भाड़ और संवेदनशील इलाकों पर सीसीटीवी के जरिए 24 घंटे निगरानी रखी जाएगी. सूचना मिलने पर पेट्रोलिंग टीमों को तुरंत मौके पर भेजने की व्यवस्था की गई है. अवैध शराब, जुआ-सट्टा और असामाजिक तत्वों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के साथ आदतन अपराधियों की गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है.