शारदीय नवरात्र के दौरान डोंगरगढ़ स्थित मां बम्लेश्वरी मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए राजनांदगांव जिला प्रशासन व यातायात पुलिस ने नई यातायात व्यवस्था लागू की है. मेले के दौरान राजनांदगांव शहर में भारी और मध्यम वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा. डोंगरगढ़ में वाहनों के लिए 10 प्रमुख पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं.
दुर्ग, बालोद और धमतरी की ओर से आने वाले वाहनों को गुंडरदेही-अर्जुन्दा-सुरगी-हल्दी मार्ग से राजनांदगांव बायपास भेजा जाएगा. बालोद से आने वाले वाहन मोहारा बायपास का उपयोग करेंगे, जबकि खैरागढ़ से आने वाले भारी वाहनों को गठुला मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा. रायपुर से खैरागढ़ जाने वाले वाहनों के लिए रसमड़ा-गनियारी-नगपुरा मार्ग तय किया गया है.
राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर वाहनों को ट्रांसपोर्ट नगर और सीआईटी बायपास की ओर भेजा जाएगा. दबाव बढ़ने पर खुटेरी-भर्रेगांव-मोखला-सुरगी-हल्दी वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध रहेगा. चिचोला से लालबहादुर नगर होते हुए डोंगरगढ़ की ओर भारी वाहनों की आवाजाही पर पूरी तरह रोक रहेगी.
पदयात्रियों के लिए आरक्षित लेन
अंजोरा से रामदरबार तक एनएच-53 पर नागपुर से रायपुर दिशा वाली सड़क का दायां हिस्सा पदयात्रियों के लिए आरक्षित रहेगा. इस हिस्से में वन-वे व्यवस्था लागू होगी. शहर के भीतर पदयात्रियों का मार्ग रामदरबार, अग्रवाल ट्रांसपोर्ट, टांकापारा, वेसलियन स्कूल, पुराना रेस्ट हाउस रोड, बलदेव बाग, बीएनसी मिल, संगम चौक, मोतीपुर रेलवे अंडरब्रिज, नवागांव, लिटिया, सुकुल दैहान, मुसरा, बेलगांव और अछोली होकर डोंगरगढ़ तक रहेगा.
राजनांदगांव मार्ग से आने वाले वाहन तुमड़ीबोड़-मुरमुंदा-बधियाटोला होकर क्षीरपानी और गुरुद्वारा पार्किंग में खड़े होंगे. नागपुर मार्ग के वाहनों के लिए पुराने नेहरू कॉलेज मैदान और गौशाला पार्किंग तय की गई है. खैरागढ़ मार्ग के वाहन हाई स्कूल और नेहरू कॉलेज के पास पार्क होंगे. बोरतलाव मार्ग से आने वाले चारपहिया वाहन नेहरू कॉलेज या गौशाला, जबकि दोपहिया वाहन नगर पालिका पार्किंग में खड़े किए जाएंगे.
नगर निगम पदयात्री सेवा पंडालों और मुख्य मार्गों पर तीन पालियों में पेयजल टैंकर, बिजली, पथ प्रकाश और सफाई की व्यवस्था करेगा. निगरानी के लिए कार्यपालन अभियंता प्रणय मेश्राम को नोडल अधिकारी बनाया गया है.
