राजनांदगांव जिले में लगातार बारिश के बाद जिला प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है. कलेक्टर जितेंद्र यादव ने जंगलेश्वर-धामनसरा एनीकट समेत जिले के कई जलभराव और तेज बहाव वाले क्षेत्रों का निरीक्षण किया. उन्होंने अधिकारियों को निचले इलाकों पर नजर रखने और बाढ़ से निपटने की तैयारियों की समीक्षा करने के निर्देश दिए.

प्रशासन के मुताबिक, शुक्रवार शाम तक जिले के विभिन्न बैराजों से कुल 24,350 क्यूसेक पानी छोड़ा गया. इसमें मोंगरा, सुखानाला, खटूटोला और घुमरिया बैराज से छोड़ा गया पानी शामिल है. छुरिया तहसील के नांदियाखुर्द गांव में पुल के ऊपर पानी बहने के कारण बांस की बेरिकेडिंग लगाकर आवागमन रोक दिया गया है.

टेका गांव के छिपा नाला एनीकट के अलावा भंवरमरा, आलीखूंटा, बाकल और भर्रेगांव के एनीकट का भी जायजा लिया गया. आलीखूंटा और बाकल में स्थिति सामान्य बताई गई है. निरीक्षण किए गए अन्य क्षेत्रों में फिलहाल बाढ़ जैसी स्थिति या जनहानि की सूचना नहीं है.

गणेश विसर्जन को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से नदी, नाले, एनीकट और पुल-पुलियों के पास सावधानी बरतने की अपील की है. तेज बहाव वाले पानी में उतरने या उसे पार करने से मना किया गया है. आपात स्थिति के लिए तीन रेस्क्यू बोट, एसडीआरएफ और होमगार्ड की टीमें अलर्ट पर हैं. प्रभावित क्षेत्रों में राशन और मेडिकल टीम की व्यवस्था की गई है, जबकि जिला कंट्रोल रूम 24 घंटे जलस्तर पर नजर रख रहा है.