राजनांदगांव के कोतवाली थाना क्षेत्र में पुलिस रिमांड के दौरान लूट के दो आरोपी फरार हो गए. घटना के बाद ड्यूटी में लापरवाही के आरोप में तीन आरक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर रक्षित केंद्र राजनांदगांव से संबद्ध किया गया है. पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने कार्रवाई के साथ मामले की प्राथमिक जांच के निर्देश दिए हैं.

पुलिस के अनुसार, अपराध क्रमांक 732/2026 और 733/2026 में संदेही विशाल बांसफोड़ और राजेश साहू को 25 नवंबर को पूछताछ के लिए थाने लाया गया था. पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान दोनों ने अपराध में शामिल होने और लूटे गए मोबाइल व नकदी अपने घर पर रखने की बात बताई थी. रात में दोनों को हथकड़ी लगाकर थाने में रखा गया था.

उनकी निगरानी के लिए आरक्षक क्रमांक 1187 नितेश ध्रुव और आरक्षक क्रमांक 1749 किशन देवांगन की ड्यूटी लगाई गई थी. रात्रि थाना हाजिरी ड्यूटी पर आरक्षक क्रमांक 498 दुर्गेश साहू तैनात थे. इसके बावजूद दोनों आरोपी 26 नवंबर की सुबह करीब 7 बजे थाने से फरार हो गए.

सात दिन में जांच रिपोर्ट

एसपी ने नितेश ध्रुव, किशन देवांगन और दुर्गेश साहू को गंभीर लापरवाही और उदासीनता के आधार पर निलंबित किया है. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, दोनों आरोपियों के फरार होने को लेकर अलग से आपराधिक प्रकरण भी दर्ज किया गया है. प्राथमिक जांच उप पुलिस अधीक्षक (अजाक/क्राइम) सत्यप्रकाश तिवारी को सौंपी गई है और उन्हें सात दिन में रिपोर्ट देने को कहा गया है.

एक अन्य आदेश में बोरतलाव थाने के सहायक उप निरीक्षक गोकुल सोनकर को भी निलंबित किया गया है. यह कार्रवाई पैसों के लेनदेन को लेकर एक आवेदक की लिखित शिकायत पर हुई. पुलिस के अनुसार, शिकायत में लगाए गए आरोप प्रथम दृष्टया गंभीर और तथ्यात्मक पाए गए. जांच पुलिस अनुविभागीय अधिकारी डोंगरगढ़ केशरीनंदन नायक करेंगे और उन्हें भी सात दिन में रिपोर्ट देनी है.

निलंबन अवधि में संबंधित पुलिसकर्मियों को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा. उन्हें बिना अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ने और प्रतिदिन गणना में उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं.