राजनांदगांव साइबर पुलिस ने सोलर कंपनी की फर्जी डिस्ट्रीब्यूटरशिप दिलाने के नाम पर 11 लाख 36 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी के मामले में बिहार के बोधगया से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने Instagram पर टाटा पावर सोलर कंपनी की डिस्ट्रीब्यूटरशिप देने का फर्जी विज्ञापन और लिंक बनाया था.
लिंक पर लोग अपना नाम, मोबाइल नंबर और अन्य जानकारी दर्ज करते थे. इसके बाद आरोपी खुद को कंपनी का प्रतिनिधि बताकर उनसे संपर्क करते और रजिस्ट्रेशन, मशीन की अग्रिम कीमत तथा अधिकारियों के आने-जाने के खर्च के नाम पर अलग-अलग किश्तों में रकम मंगाते थे. पुलिस का कहना है कि भरोसा जीतने के लिए ईमेल के जरिए फर्जी दस्तावेज भी भेजे जाते थे.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रशांत कुमार उर्फ निक्की (27) और अभिषेक कुमार यादव उर्फ रवि (34) के रूप में हुई है. प्रशांत बिहार के नालंदा जिले के सारे थाना क्षेत्र और अभिषेक औरंगाबाद जिले के बारुण थाना क्षेत्र के विशुनबीघा का निवासी बताया गया है.
पुलिस ने क्या जब्त किया
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के पास से अलग-अलग कंपनियों के सात मोबाइल फोन, एक HP लैपटॉप, एक स्कैनर, ग्राहकों और बैंक खातों की जानकारी वाली दो नोटबुक, दो ATM कार्ड, ठगी में इस्तेमाल सिम कार्ड और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए हैं.
पुलिस ने लोगों से किसी भी कंपनी की फ्रेंचाइजी या डिस्ट्रीब्यूटरशिप लेने से पहले उसकी आधिकारिक वेबसाइट पर जानकारी जांचने की अपील की है. अनजान लिंक या सोशल मीडिया विज्ञापनों पर निजी जानकारी साझा न करने की सलाह दी गई है. ऑनलाइन ठगी होने पर 1930 पर कॉल करने या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने को कहा गया है.
