रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रक्षा क्षेत्र में गैर-विनाशकारी परीक्षण (Non-Destructive Testing-NDT) के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), मशीन लर्निंग (ML) और रोबोटिक्स जैसी उन्नत तकनीकों को बड़े पैमाने पर अपनाने की जरूरत बताई है. उन्होंने कहा कि तकनीकी नवाचार भारत के रक्षा पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने और रणनीतिक आत्मनिर्भरता हासिल करने में अहम भूमिका निभाएगा.

राजनाथ सिंह ने रविवार, 15 नवंबर को हैदराबाद में आयोजित तीन दिवसीय सम्मेलन को वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया. यह सम्मेलन इंडियन सोसाइटी फॉर नॉन-डिस्ट्रक्टिव टेस्टिंग ने आयोजित किया था.

रक्षा मंत्री के अनुसार, तेजी से बदलते वैश्विक सुरक्षा माहौल में देश में विकसित हथियारों, रक्षा प्लेटफॉर्म और उनसे जुड़ी प्रणालियों को विश्वसनीयता और प्रदर्शन के उच्चतम मानकों पर खरा उतरना होगा. उन्होंने NDT क्षेत्र से जुड़े पेशेवरों से अपने कौशल को लगातार उन्नत करने और नई तकनीकों व बदलती सुरक्षा जरूरतों के अनुरूप नवाचार अपनाने का आग्रह किया.

उन्होंने कहा कि गैर-विनाशकारी मूल्यांकन के क्षेत्र में तकनीकी बदलाव तेजी से हो रहा है. AI, ML, रोबोटिक्स, उन्नत सेंसर, डिजिटल ट्विन और प्रेडिक्टिव एनालिटिक्स जैसी तकनीकें निरीक्षण और संरचनात्मक स्वास्थ्य की निगरानी की संभावनाओं का विस्तार कर रही हैं. इनके जरिए निरीक्षण की गति और निरंतरता बढ़ सकती है, जटिल डेटा का विश्लेषण आसान हो सकता है और उन खामियों व पैटर्न की पहचान की जा सकती है, जिन्हें पारंपरिक तरीके पकड़ने में चूक सकते हैं.

राजनाथ सिंह ने उभरती तकनीकों को केवल अपनाने के बजाय भारत की रणनीतिक और औद्योगिक जरूरतों के अनुरूप स्वदेशी समाधान विकसित करने पर जोर दिया. उन्होंने शोध, उन्नत उपकरणों, सॉफ्टवेयर और कुशल मानव संसाधन में निवेश को घरेलू क्षमता मजबूत करने और भारतीय तकनीकों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने के लिए जरूरी बताया.

हैदराबाद में हुए सम्मेलन में 2,000 से अधिक पेशेवरों, शोधकर्ताओं, उद्योग विशेषज्ञों और छात्रों ने हिस्सा लिया. इसमें NDT के नवीन विकास, उभरती तकनीकों और उनके विभिन्न अनुप्रयोगों पर चर्चा हुई.