रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 18 और 19 नवंबर 2026 को जापान की आधिकारिक यात्रा पर हैं. इस दौरान वह टोक्यो में भारत-जापान विदेश और रक्षा मंत्रियों की चौथी 2+2 वार्ता में शामिल होंगे. बैठक में विदेश मंत्री एस. जयशंकर भी भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे.

2+2 वार्ता की सह-अध्यक्षता राजनाथ सिंह और एस. जयशंकर करेंगे. जापान की ओर से रक्षा मंत्री शिंजिरो कोइजुमी और विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोतेगी इसमें भाग लेंगे. दोनों पक्ष मुक्त, खुले, समावेशी और नियम-आधारित हिंद-प्रशांत क्षेत्र के लिए सहयोग पर चर्चा करेंगे.

बैठक में भारत-जापान रणनीतिक और रक्षा सहयोग की व्यापक समीक्षा के साथ क्षेत्रीय तथा वैश्विक घटनाक्रम पर विचार-विमर्श प्रस्तावित है. रक्षा उपकरण और तकनीक में सहयोग, समुद्री सुरक्षा, तीनों सेनाओं के संयुक्त अभ्यासों का विस्तार और रक्षा उद्योग साझेदारी भी प्रमुख एजेंडे में शामिल हैं.

राजनाथ सिंह जापान के रक्षा मंत्री के साथ अलग से द्विपक्षीय वार्ता भी करेंगे. दोनों नेताओं की इस वर्ष यह तीसरी बैठक होगी. इससे पहले अगस्त 2026 में नई दिल्ली और अक्टूबर 2026 में फिलीपींस के सेबू में उनकी मुलाकात हुई थी.

भारत और जापान के रक्षा संबंधों को आगे बढ़ाने के लिए दोनों देश परिचालन सहयोग, तकनीकी साझेदारी और औद्योगिक समन्वय को मजबूत करने पर जोर दे रहे हैं.