रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को कोलंबो में श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके से मुलाकात की. दोनों नेताओं ने भारत और श्रीलंका के बीच बहुआयामी साझेदारी, क्षेत्रीय सुरक्षा, शांति और समृद्धि पर चर्चा की. सिंह मंगलवार को तीन दिवसीय यात्रा पर श्रीलंका पहुंचे थे. यह 38 वर्षों में किसी भारतीय रक्षा मंत्री की श्रीलंका की पहली यात्रा है.
भारत के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, दोनों पक्षों ने ऐतिहासिक और सभ्यतागत संबंधों को रेखांकित करते हुए कहा कि दोनों देश करीबी पड़ोसी और समुद्री साझेदार के रूप में विकास तथा लोगों के कल्याण के लिए मिलकर काम करते रहेंगे. सिंह ने राष्ट्रपति दिसानायके को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की शुभकामनाएं भी दीं.
श्रीलंका ने भारत की सुरक्षा चिंताओं पर दिया भरोसा
मंत्रालय के मुताबिक, दिसानायके ने दोहराया कि श्रीलंका अपने क्षेत्र का इस्तेमाल भारत के सुरक्षा हितों के खिलाफ गतिविधियों के लिए नहीं होने देगा. उन्होंने भारत की राहत सहायता और पुनर्निर्माण से जुड़े सहयोग के लिए आभार जताया.
रक्षा मंत्रालय ने कहा कि चर्चा के दौरान चक्रवात ‘दित्वाह’ के बाद भारत की ‘ऑपरेशन सागर बंधु’ के तहत राहत सहायता और श्रीलंका के पुनर्निर्माण तथा पुनर्वास के लिए दिए गए व्यापक पैकेज का भी उल्लेख हुआ. राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत श्रीलंका को सहायता देना एहसान नहीं, बल्कि अपनी जिम्मेदारी मानता है.
दोनों नेताओं ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए भारतीय रक्षा बलों द्वारा बनाए गए तीन बेली ब्रिज का उद्घाटन भी किया.
L70 गनों और सैन्य शिक्षा पर समझौते
भारत और श्रीलंका ने रक्षा सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए दो समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान किया. इनमें श्रीलंकाई वायु सेना की छह L70 गनों के उन्नयन और दोनों देशों के राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालयों के बीच सहयोग से जुड़े समझौते शामिल हैं.
रक्षा मंत्रालय के अनुसार, L70 गनों का उन्नयन भारत सरकार की अनुदान सहायता के तहत किया जाएगा. मंत्रालय का कहना है कि इससे श्रीलंका में महत्वपूर्ण परिसंपत्तियों की वायु रक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी. ये गन पहले भारत की ओर से श्रीलंका की वायु सेना को दी गई थीं.
राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालयों के बीच समझौते से दोनों संस्थानों के बीच ज्ञान और अनुभव साझा करने का रास्ता खुलेगा. इसके अलावा, भारत और श्रीलंका के राष्ट्रीय कैडेट कोर के बीच सहयोग समझौते से युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम को औपचारिक रूप दिया जाएगा.
विपक्ष ने भी भारत के साथ संबंधों को बताया महत्वपूर्ण
यात्रा के दौरान राजनाथ सिंह ने कोलंबो में भारतीय समुदाय के साथ भी बातचीत की. उन्होंने कहा कि भारत संकट के समय श्रीलंका के साथ मजबूती से खड़ा रहेगा और दोनों देशों की शांति, समृद्धि तथा विकास के लिए प्रतिबद्ध है.
श्रीलंका के विपक्षी नेता सजित प्रेमदासा ने सिंह से मुलाकात के बाद भारत को श्रीलंका का करीबी साझेदार बताया. उनके अनुसार, भारत ने आर्थिक संकट, कोविड-19 महामारी और चक्रवात दित्वाह के दौरान श्रीलंका की मदद की. उन्होंने कहा कि दोनों देश संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता और राजनीतिक स्वतंत्रता का सम्मान करते हुए संबंधों को और मजबूत करना चाहते हैं.
राजनाथ सिंह के नेतृत्व में भारत के रक्षा और विदेश मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारियों का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल श्रीलंका गया है.
