सुप्रीम कोर्ट ने चेक बाउंस मामलों में अभिनेता राजपाल यादव को ₹2 करोड़ जमा करने के लिए आखिरी बार दो हफ्ते का समय दिया है. यह रकम सुप्रीम कोर्ट की रजिस्ट्री में जमा करनी होगी. अदालत ने उन्हें अपना पासपोर्ट सरेंडर करने का भी आदेश दिया है.
चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली बेंच ने राजपाल यादव को अगली सुनवाई तक गिरफ्तारी से मिली राहत जारी रखी. मामले की अगली सुनवाई 5 अक्टूबर को होगी.
सुनवाई के दौरान अदालत ने राजपाल यादव के पिछले रवैये पर भरोसा जताने में संदेह जाहिर किया. CJI सूर्यकांत ने कहा कि अभिनेता होने के कारण वे अभिनय में माहिर हैं और अदालत को उम्मीद है कि वे यहां भी अभिनय नहीं कर रहे होंगे. यह टिप्पणी अदालत में उनके भुगतान और अनुपालन से जुड़े पिछले रिकॉर्ड के संदर्भ में की गई.
राजपाल यादव की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता पीएस पाटवालिया ने कहा कि अभिनेता और उनकी मां के पास कुछ संपत्तियां हैं, जिन्हें बेचकर रकम जुटाई जा सकती है. उन्होंने भुगतान की व्यवस्था करने के लिए दो हफ्ते का समय मांगा. वकील ने यह भी कहा कि फिलहाल उनके पास रकम नहीं है, लेकिन वे भुगतान करना चाहते हैं.
2010 में लिया था करीब ₹5 करोड़ का लोन
उपलब्ध मामले के विवरण के अनुसार, विवाद 2010 में शुरू हुआ था. राजपाल यादव ने अपनी पहली निर्देशित फिल्म ‘अता पता लापता’ के लिए दिल्ली की कंपनी मुरली प्रोजेक्ट्स से करीब ₹5 करोड़ का लोन लिया था. फिल्म के अपेक्षित कारोबार नहीं कर पाने के बाद लोन चुकाने में दिक्कत हुई और ब्याज व अन्य शुल्क जुड़ने से बकाया रकम करीब ₹9 करोड़ तक पहुंच गई.
2012 में मुरली प्रोजेक्ट्स ने दिल्ली हाईकोर्ट का रुख किया. इसके बाद सात चेक बाउंस होने पर नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट की धारा 138 के तहत सात शिकायतें दर्ज की गईं. यादव की याचिका में 21 अप्रैल 2013 के कथित सहमति समझौते का भी उल्लेख है. इसमें दोनों पक्षों के बीच ₹10.40 करोड़ में पूर्ण और अंतिम समझौते की बात कही गई थी, जबकि ₹40 लाख आरटीजीएस के जरिए दिए गए थे.
ट्रायल कोर्ट ने अप्रैल 2018 में सातों मामलों में यादव और अन्य आरोपियों को दोषी ठहराया था. बाद में 22 मई 2019 को यादव को प्रत्येक मामले में तीन महीने की साधारण कैद और ₹1.35 करोड़ जुर्माने की सजा सुनाई गई; सभी सजाएं साथ-साथ चलनी थीं. सेशंस कोर्ट ने 2024 में दोषसिद्धि बरकरार रखी. दिल्ली हाईकोर्ट ने 10 जुलाई 2026 के फैसले में सजा में हस्तक्षेप से इनकार कर दिया.
