रणबीर कपूर और साई पल्लवी अभिनीत फिल्म ‘रामायण’ का पहला गाना ‘जय जय राम’ रिलीज हो गया है. गीत में भगवान राम की गाथा को भक्ति-प्रधान धुन और भव्य दृश्यों के साथ पेश किया गया है. इसके रिलीज के बाद फिल्म को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी बढ़ने की बात सामने आई है.
इस गाने को अरिजीत सिंह और श्रेया घोषाल ने आवाज दी है, जबकि संगीत ए आर रहमान का है. गीत में ‘राम सिया राम, जय जय राम’ की धुन के जरिए भक्ति का माहौल तैयार किया गया है.
गीत में दिखे रामायण के अहम प्रसंग
वीडियो में राम और सीता के स्वयंवर तथा विवाह से लेकर राज्याभिषेक की तैयारी और वनवास जाने तक के प्रसंगों की झलक दिखाई गई है. रणबीर कपूर राम के रूप में नजर आते हैं, जबकि साई पल्लवी सीता की भूमिका में हैं. गीत में राम-सीता के रिश्ते और उनके जीवन से जुड़े भावनात्मक प्रसंगों को भी प्रमुखता दी गई है.
फिल्म के दृश्य संसार में बड़े सेट और विस्तृत विजुअल ट्रीटमेंट का इस्तेमाल दिखाई देता है. लक्ष्मण और भरत के किरदारों में रवि दुबे और आदिनाथ कोठारे की भी झलक गाने में शामिल है.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म का पहला भाग 6 नवंबर को दिवाली के मौके पर रिलीज होने वाला है. पहले भाग में राम के वनवास जाने तक की कथा दिखाई जाने की चर्चा है. उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, हनुमान का प्रवेश फिल्म के दूसरे भाग में होगा.
