जन सुराज पार्टी के डिजिटल कम्युनिकेशन मैनेजर देवपालिक गुप्ता का शव मंगलवार को रांची के अंगड़ा थाना क्षेत्र में रेलवे पटरियों के पास मिला. 31 वर्षीय गुप्ता सोमवार को रांची से पटना जाने वाली जनशताब्दी एक्सप्रेस में दो सहकर्मियों के साथ सवार हुए थे. यात्रा के दौरान वह अचानक लापता हो गए थे.
सहकर्मी गौतम कुमार के मुताबिक, ट्रेन चलने के करीब 10 मिनट बाद गुप्ता पेंट्री कार से कुछ खाने के लिए जाने की बात कहकर अपनी सीट से उठे थे. उनके वापस नहीं लौटने पर साथियों ने ट्रेन के अलग-अलग डिब्बों में तलाश की. मुरी जंक्शन पर रेलवे पुलिस को इसकी सूचना दी गई, जिसके बाद खोज अभियान शुरू हुआ.
पुलिस के अनुसार, शव जारवाडीह गांव के पास झाड़ियों में रेलवे लाइन के किनारे मिला. अंगड़ा थाना प्रभारी ने प्रारंभिक जांच के आधार पर चलती ट्रेन से गिरने की आशंका जताई है, लेकिन मौत की अंतिम वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट होगी. शव को रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान भेजे जाने की बात कही गई है.
गुप्ता उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के रहने वाले थे और भारतीय जनसंचार संस्थान, दिल्ली के पूर्व छात्र थे. जन सुराज पार्टी ने बताया कि वह करीब चार वर्षों से पार्टी की सोशल मीडिया टीम का नेतृत्व कर रहे थे. पार्टी ने उनकी मौत को दुखद बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है.
