चक्रवात ‘अर्नब’ के संभावित असर और भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए रांची जिले में 28 और 29 अक्टूबर 2026 को स्कूलों की कक्षाएं स्थगित रहेंगी. यह आदेश KG से 12वीं कक्षा तक लागू होगा.
जिला उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी कार्यालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार, रांची के सभी सरकारी, गैर-सरकारी सहायता प्राप्त, अल्पसंख्यक और निजी विद्यालय इस निर्णय के दायरे में हैं. प्रशासन ने मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट और विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया है.
आदेश में कहा गया है कि यदि किसी निजी विद्यालय में इन तारीखों पर परीक्षाएं पहले से निर्धारित हैं, तो उनके आयोजन को लेकर निर्णय स्कूल प्रबंधन अपने स्तर पर ले सकता है.
शिक्षकों के लिए निर्देश
विद्यार्थियों की कक्षाएं बंद रहेंगी, लेकिन स्कूलों में प्रशासनिक और गैर-शैक्षणिक काम जारी रहेंगे. सभी शिक्षक और शिक्षिकाओं को विद्यालय में उपस्थित होकर गैर-शैक्षणिक कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं.
रांची जिले के सभी श्रेणी के स्कूलों को e-Vidyavahini पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराने को भी कहा गया है. प्रशासन ने चक्रवात के संभावित प्रभाव वाले झारखंड के अन्य जिलों में भी एहतियाती कदम उठाए जाने की जानकारी दी है.
