मध्य प्रदेश के रतलाम जिले से गुजरने वाले दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह करीब दो घंटे के भीतर हुए दो सड़क हादसों में चार लोगों की मौत हो गई. दुर्घटनाओं में आठ लोग घायल हुए हैं. दोनों हादसों में दो-दो लोगों की जान गई. घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
जावरा औद्योगिक पुलिस थाने के प्रभारी प्रकाश गड़रिया के अनुसार, पहला हादसा सुबह करीब 4:30 बजे हुआ. पंजाब का एक परिवार कार से मुंबई जा रहा था. पुलिस के मुताबिक, चालक को झपकी आने के बाद कार एक्सप्रेसवे के बीच लगी रेलिंग तोड़कर करीब 30 फीट नीचे खाई में जा गिरी. हादसे में नरेंद्र कौर (67) और उनकी बहू मनप्रीत कौर (32) की मौत हुई.
अन्य वाहन चालकों से सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची. घायलों को पहले जावरा अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया.
टूटी रेलिंग के बाद दूसरा हादसा
पुलिसकर्मी सुबह करीब 6:30 बजे घटनास्थल का निरीक्षण कर रहे थे, तभी दूसरी कार उछलकर सड़क के बीच बनी सीमा से टकराई और खाई में जा गिरी. पुलिस के अनुसार, पहली कार की टक्कर से रेलिंग टूट गई थी और इसी वजह से दूसरे वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने की आशंका है.
दूसरी कार में गुजरात के दाहोद का परिवार सवार था, जो उत्तर प्रदेश से इलाज कराकर लौट रहा था. इस कार में सवार दो पुरुषों की मौत हुई है.
