नई दिल्ली: भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर विपक्ष के विरोध पर निशाना साधा है. उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष का रवैया ‘माय वे या हाईवे’ जैसा है और वह देश की किसी भी संस्था की वैधता स्वीकार करने को तैयार नहीं है.

एक साक्षात्कार में प्रसाद ने कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर विपक्ष का विरोध भाजपा या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को प्रभावित नहीं करेगा. उन्होंने सवाल किया कि क्या विपक्ष ने 2014 और 2019 में नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री चुने जाने को स्वीकार किया था.

प्रधानमंत्री के इस्तीफे की विपक्षी मांग पर प्रसाद ने कहा कि मोदी किसी परिवार की कृपा से नहीं, बल्कि जनता के समर्थन से पद पर हैं. उन्होंने विपक्ष पर सुप्रीम कोर्ट, निर्वाचन आयोग, केंद्रीय सतर्कता आयोग और सेना सहित विभिन्न संस्थाओं को लगातार निशाना बनाने का आरोप लगाया.

प्रसाद ने विपक्ष के सड़क पर उतरने के फैसलों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि कई बार विरोध प्रदर्शन और सभाओं के बाद आंदोलन समाप्त हो जाते हैं. उनके मुताबिक, विपक्षी दलों में अपने फैसलों को लंबे समय तक आगे बढ़ाने की पर्याप्त दृढ़ता नहीं है.