पश्चिम बंगाल की रेजीनगर विधानसभा सीट से निर्दलीय उम्मीदवार सैफुल इस्लाम को शनिवार को गिरफ्तार किया गया. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह कार्रवाई 2021 के विधानसभा चुनाव के दौरान दो गुटों के बीच हुई झड़प से जुड़े करीब पांच साल पुराने मामले में की गई है.
सैफुल इस्लाम आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) से जुड़े बताए जा रहे हैं. उनकी गिरफ्तारी नंदीग्राम से कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान की गिरफ्तारी के एक दिन बाद हुई है. प्रधान को जमीन अधिग्रहण के खिलाफ आंदोलन के दौरान दर्ज पुराने मामले में शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया था.
रेजीनगर और नंदीग्राम विधानसभा सीटों पर 6 अक्टूबर को उपचुनाव होना है. नंदीग्राम सीट मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के विधानसभा चुनाव जीतने के बाद खाली हुई. उन्होंने भवानीपुर और नंदीग्राम, दोनों सीटों पर जीत दर्ज की थी और बाद में नंदीग्राम सीट छोड़ दी.
रेजीनगर सीट हुमायूं कबीर के इस्तीफे के बाद खाली हुई. विधानसभा चुनाव में कबीर ने नवादा और रेजीनगर, दोनों सीटों से जीत हासिल की थी. AJUP ने रेजीनगर उपचुनाव में उनके बेटे गुलाम नबी आजाद को उम्मीदवार बनाया है.
AJUP प्रमुख को भी पुलिस का नोटिस
रिपोर्ट्स के मुताबिक, बहरामपुर पुलिस ने शनिवार को AJUP प्रमुख हुमायूं कबीर को नोटिस भेजकर सोमवार को जांच अधिकारियों के सामने पेश होने को कहा. यह मामला दो समुदायों के बीच तनाव भड़काने की कथित साजिश से जुड़ा है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामला 14 सितंबर को दर्ज किया गया था. पुलिस ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक ऑडियो रिकॉर्डिंग भी जारी की और दावा किया कि बातचीत से संभावित साजिश का संकेत मिलता है.
शुक्रवार को मुर्शिदाबाद जिले में AJUP के राज्य सचिव आशिक इकबाल को कथित तौर पर बड़ी मात्रा में नकली नोट और अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया गया. उनके साथ यात्रा कर रहे एक अन्य व्यक्ति को भी गिरफ्तार किए जाने की बात कही गई है.
