पश्चिम बंगाल के हिंगलगंज से भाजपा विधायक रेखा पात्रा की हालत गंभीर बताई गई है. उन्हें कोलकाता के एक निजी अस्पताल में वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मेडिकल-लीगल रिपोर्ट में खेती में इस्तेमाल होने वाले कीटनाशक से विषाक्तता की आशंका जताई गई है.
हालांकि, रेखा पात्रा के शरीर में किस पदार्थ के पहुंचने से उनकी तबीयत बिगड़ी, इसकी अंतिम पुष्टि सैंपल की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी.
घर पर बिगड़ी तबीयत, पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया
रिपोर्ट के मुताबिक, रेखा पात्रा शनिवार रात हिंगलगंज स्थित अपने घर पर थीं, जब उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई. परिवार के लोग उन्हें पहले स्थानीय अस्पताल लेकर गए, जहां प्राथमिक उपचार दिया गया. इसके बाद उन्हें बशीरहाट सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल भेजा गया.
इलाज के बाद भी हालत में खास सुधार नहीं होने पर उन्हें रविवार को कोलकाता के निजी अस्पताल में स्थानांतरित किया गया. रिपोर्ट में कहा गया है कि परिवार का दावा है कि उन्होंने हर्बल कीटनाशक निगल लिया था. इस दावे और विषाक्तता के कारण की स्वतंत्र पुष्टि जांच रिपोर्ट के बाद ही संभव होगी.
संदेशखाली आंदोलन से आई थीं चर्चा में
रेखा पात्रा वर्ष 2024 के संदेशखाली आंदोलन के दौरान राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में आई थीं. उस समय वह बशीरहाट लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार थीं.
26 मार्च 2024 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनसे फोन पर बातचीत की थी. बातचीत में प्रधानमंत्री ने संदेशखाली में महिलाओं के मुद्दों को उठाने के लिए उनकी सराहना की थी और उन्हें ‘शक्ति स्वरूपा’ कहा था.
