सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि हिंदू धर्म से इस्लाम अपनाने मात्र से कोई व्यक्ति तमिलनाडु के Backward Class (Muslim) कोटे का लाभ पाने का हकदार नहीं हो जाता. अदालत ने मद्रास हाई कोर्ट के उस फैसले को बरकरार रखा, जिसमें 2024 के तमिलनाडु सरकार के आदेश को रद्द किया गया था.
मामला एक ऐसे व्यक्ति से जुड़ा था, जिसने इस्लाम अपनाने के बाद खुद को ‘मुस्लिम लेब्बई’ समुदाय का सदस्य बताते हुए सामुदायिक प्रमाणपत्र मांगा था. तमिलनाडु में डेक्कनी मुस्लिम, डुडेकुला, लब्बाई, मपिल्ला, शेख, सैयद और अंसार सहित सात मुस्लिम समुदायों को पिछड़ा वर्ग सूची में शामिल किया गया है. इन समुदायों के लिए राज्य में 3.5 प्रतिशत आरक्षण है.
अदालत ने स्पष्ट किया कि धर्म परिवर्तन धार्मिक पहचान बदलता है, लेकिन इससे किसी अधिसूचित सामाजिक समुदाय की सदस्यता स्वतः साबित नहीं होती. पहले की जातिगत सामाजिक पिछड़ापन नई धार्मिक-सामुदायिक पहचान में अपने आप स्थानांतरित नहीं किया जा सकता.
फैसले में यह भी कहा गया कि मुस्लिम धार्मिक संस्था या जमात धर्म परिवर्तन की पुष्टि कर सकती है, लेकिन पिछड़ा वर्ग का वैधानिक दर्जा तय करने का अधिकार निजी संस्था को नहीं दिया जा सकता.
अदालत ने अनुसूचित जाति दर्जे पर भी दोहराया कि संविधान (अनुसूचित जातियां) आदेश, 1950 के तहत हिंदू, सिख या बौद्ध धर्म के अलावा अन्य धर्म अपनाने पर SC दर्जा समाप्त हो जाता है.
