दिल्ली पुलिस ने डिजिटल अरेस्ट के जरिए साइबर ठगी करने वाले कथित अंतरराष्ट्रीय गिरोह के 11 सदस्यों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, गिरोह के तार कंबोडिया और दक्षिण-पूर्व एशिया के अन्य देशों में मौजूद हैंडलर्स से जुड़े होने की आशंका है.

जांच की शुरुआत 69 वर्षीय प्रदीप कुमार दास की शिकायत से हुई. दास इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के पूर्व निदेशक और सेवानिवृत्त वैज्ञानिक हैं. पुलिस के अनुसार, 14 अगस्त को उन्हें दिल्ली पुलिस, एंटी-टेररिज्म स्क्वॉड और राष्ट्रीय जांच एजेंसी के अधिकारियों के रूप में पेश हुए लोगों ने फोन किया. आरोपियों ने दावा किया कि उनके आधार विवरण का इस्तेमाल मनी लॉन्ड्रिंग मामले में हुआ है और गिरफ्तारी की धमकी दी.

पुलिस का कहना है कि बैंक खातों के सत्यापन के बहाने दास से RTGS के जरिए 1,25,09,000 रुपये तीन खातों में ट्रांसफर कराए गए. उन्हें लगातार वीडियो निगरानी में भी रखा गया.

IFSO ने एक अलग मामले में आंध्र प्रदेश के 79 वर्षीय व्यक्ति से जुड़ी 7.25 करोड़ रुपये की संभावित ठगी को सुरक्षित किया और 1.96 करोड़ रुपये से जुड़े बैंक खातों पर रोक लगाई.