तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने कांग्रेस के भीतर सरकार की सार्वजनिक आलोचना करने वाले नेताओं पर तीखी टिप्पणी की है. सिद्धिपेट में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कुछ लोग सार्वजनिक मंचों पर सरकार की आलोचना करते हैं, जबकि निजी बातचीत में उसके काम की प्रशंसा करते हैं.
मुख्यमंत्री ने ऐसे नेताओं के लिए आपत्तिजनक मुहावरे का इस्तेमाल किया और कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता उन्हें एर्रागड्डा के मानसिक अस्पताल तक ले जाएंगे. उन्होंने किसी विधायक का नाम नहीं लिया.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उनकी टिप्पणी को कांग्रेस विधायक कोमटिरेड्डी राज गोपाल रेड्डी और जे. अनिरुद्ध रेड्डी की हालिया आलोचनाओं से जोड़कर देखा जा रहा है. राज गोपाल रेड्डी ने विकास निधि के कथित असमान आवंटन को लेकर मुख्यमंत्री और कुछ मंत्रियों पर सवाल उठाए थे. अनिरुद्ध रेड्डी ने सरकारी अधिकारियों पर ठेकेदारों से कथित कमीशन मांगने के आरोप लगाए थे.
सिद्धिपेट की सभा में रेवंत रेड्डी ने भारत राष्ट्र समिति के नेता टी. हरीश राव और पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव पर भी निशाना साधा. उन्होंने कांग्रेस के सत्ता में लौटने का भरोसा जताया और ‘इंदिरम्मा फैमिली इंश्योरेंस’ योजना के तहत तेलंगाना के प्रत्येक परिवार को ₹5 लाख का बीमा कवर देने की बात दोहराई.
