महाराष्ट्र की राजनीति में कांग्रेस में शामिल होने को लेकर चल रही अटकलों के बीच NCP (SP) नेता रोहित पवार ने कहा है कि उनके कांग्रेस में जाने की कोई वजह नहीं है. उन्होंने स्पष्ट किया कि दोनों दल कानूनी तौर पर अलग हैं, लेकिन उनकी विचारधारा समान है.
एक इंटरव्यू में करजत-जामखेड से विधायक रोहित पवार ने राहुल गांधी के काम और विपक्ष के नेता के तौर पर उनकी भूमिका की प्रशंसा की. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लोगों के मुद्दे उठा रहे हैं और अपनी विचारधारा को मजबूती से आगे बढ़ा रहे हैं.
रोहित पवार ने कहा कि NCP (SP), कांग्रेस और उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना INDIA गठबंधन का हिस्सा हैं. उनके मुताबिक, गठबंधन के सहयोगी दल साथ मिलकर काम कर रहे हैं और भविष्य में यह सहयोग और मजबूत हो सकता है.
उन्होंने यह भी कहा कि NCP (SP) के BJP के साथ जाने की संभावना नहीं है. रोहित पवार ने शरद पवार की विचारधारा पर भरोसा जताते हुए कहा कि पार्टी अलग रहकर कांग्रेस के साथ काम करती रहेगी. कांग्रेस में शामिल होने की अटकलें BJP MLC परिनय फुके की टिप्पणियों और रोहित पवार की राहुल गांधी की तारीफ के बाद तेज हुई थीं.
