बिहार के रोहतास जिले में कैमूर पहाड़ी की गुफा में स्थित गुप्ता धाम शिवालय से तीन अष्टधातु प्रतिमाएं चोरी होने का मामला सामने आया है. मंदिर के महंत राजबली सिंह के अनुसार, पंचमुखी गणेश, माता लक्ष्मी और देवी दुर्गा की प्रतिमाएं 20 नवंबर की रात गायब हुईं. हालांकि, पुलिस ने अभी चोरी की घटना की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.
महंत ने बताया कि घटना के समय गुफा वाले मंदिर में उनके अलावा कोई मौजूद नहीं था. उनके मुताबिक, चोरी के बाद इलाके में लगातार तीन दिनों तक तेज बारिश हुई. पहाड़ी रास्ते खराब होने और क्षेत्र के दुर्गम होने के कारण वह तुरंत नीचे नहीं उतर सके. मंदिर परिसर में मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट की सुविधा भी उपलब्ध नहीं होने की बात कही गई है.
मौसम में सुधार के बाद महंत 24 नवंबर को पहाड़ी से नीचे उतरे और उगहनी ओपी थाने पहुंचकर पुलिस को मौखिक रूप से घटना की जानकारी दी. इसके बाद 29 नवंबर को पुलिस टीम सूचना का सत्यापन करने के लिए मंदिर पहुंची और मौके की जांच की.
सासाराम के एसडीपीओ-1 विप्लव कुमार ने कहा कि घटनास्थल का खुद सत्यापन करने के बाद ही चोरी की पुष्टि की जाएगी. पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही प्रतिमाओं की चोरी और उससे जुड़े तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
इसी 20 नवंबर को दिनारा के भलुनी भवानी मंदिर में भी चोरी की घटना की सूचना सामने आई थी. गुप्ता धाम मामले के बाद क्षेत्र के मंदिरों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं, हालांकि दोनों घटनाओं के बीच किसी संबंध की पुष्टि नहीं हुई है.
