वायु प्रदूषण का असर केवल बड़े शहरों तक सीमित नहीं है. भारत में हुई रिसर्च की एक नई समीक्षा के अनुसार, ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों को भी प्रदूषित हवा के कारण कई स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा हो सकता है.
सेंटर फॉर रिसर्च ऑन एनर्जी एंड क्लीन एयर (CREA) की रिपोर्ट में भारत से जुड़ी 184 स्टडीज का विश्लेषण किया गया. इनमें से 169 स्टडीज, यानी करीब 92 प्रतिशत, में वायु प्रदूषण और स्वास्थ्य समस्याओं के बीच संबंध पाया गया. ग्रामीण आबादी पर केंद्रित 40 स्टडीज में से 38 में भी प्रदूषण और स्वास्थ्य जोखिमों के बीच संबंध दर्ज किया गया.
PM2.5 कणों से कई अंग प्रभावित होने की आशंका
रिपोर्ट के अनुसार, PM2.5 के बेहद छोटे कण सांस के साथ फेफड़ों के भीतर तक पहुंच सकते हैं. इनके संपर्क से शरीर में सूजन और ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस बढ़ने की आशंका रहती है. लंबे समय तक सूजन रहने पर रक्त वाहिकाओं पर असर पड़ सकता है, जिससे हृदय संबंधी बीमारियों का जोखिम बढ़ सकता है.
वायु प्रदूषण का संबंध केवल फेफड़ों से नहीं, बल्कि हृदय, किडनी और शरीर के मेटाबॉलिज्म से भी बताया गया है. बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को अधिक जोखिम वाले समूहों में रखा गया है. पहले से हार्ट, फेफड़ों या किडनी की बीमारी से जूझ रहे लोगों के लिए भी प्रदूषण चिंता का विषय हो सकता है.
डायबिटीज से भी संभावित संबंध
समीक्षा में प्रदूषण के संपर्क और इंसुलिन के कामकाज के बीच संबंध के संकेत मिले. सूजन और ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस के कारण इंसुलिन रेजिस्टेंस बढ़ सकती है, जिससे ब्लड शुगर नियंत्रित करना मुश्किल हो सकता है. हालांकि, रिपोर्ट में यह जोखिम हर व्यक्ति में समान रूप से पाए जाने की बात नहीं कही गई है.
