रूस की निवासी नीना ने अपने पिता एंड्रे की आत्मा की शांति और रूस-यूक्रेन युद्ध में मारे गए लोगों की मुक्ति की कामना से काशी के पिशाचमोचन तीर्थ में नारायण बलि और त्रिपिंडी श्राद्ध कराया. नीना खुद रूस में मौजूद थीं और अपनी मित्र ईन्गा के साथ ऑनलाइन माध्यम से काशी में चल रहे अनुष्ठान से जुड़ी रहीं. काशी में उनके प्रतिनिधि नीलकान्त दुबे ने उनकी ओर से धार्मिक विधियों में हिस्सा लिया.

पिशाचमोचन तीर्थ में हुई दोनों विधियां

उपलब्ध जानकारी के अनुसार, अनुष्ठान का आयोजन अमावस्या के अवसर पर किया गया. पहले चरण में नारायण बलि और उसके बाद त्रिपिंडी श्राद्ध कराया गया. यह प्रक्रिया वाग्योग चेतनापीठम् के अध्यक्ष एवं सचिव तथा पद्मश्री वागीश शास्त्री के पुत्र पं. आशापति शास्त्री के निर्देशन में संपन्न हुई.

नारायण बलि के दौरान पं. संजय कुमार उपाध्याय के आचार्यत्व में आचार्य संदीप मिश्र, आचार्य विकास पाण्डेय, नीलकान्त दुबे और आयुष द्विवेदी ने धार्मिक विधान पूरा कराया. त्रिपिंडी श्राद्ध के चरण में भी पं. संजय कुमार उपाध्याय के आचार्यत्व में आचार्य संदीप मिश्र, आचार्य विकास पाण्डेय और नीलकान्त दुबे ने प्रक्रिया पूरी की.

पिता के साथ युद्ध में मारे लोगों के लिए भी प्रार्थना

पं. आशापति शास्त्री के अनुसार, नीना ने पिछले महीने अपनी रूसी शिष्या ईन्गा के माध्यम से उनसे संपर्क किया था. नीना अपने पिता के साथ रूस-यूक्रेन युद्ध में मारे गए लोगों की आत्माओं की शांति और मोक्ष के लिए भी सनातन परंपरा के अनुसार धार्मिक अनुष्ठान कराना चाहती थीं. इसी इच्छा के अनुरूप काशी में यह विधान कराया गया.

अनुष्ठान के दौरान रूस में मौजूद नीना और ईन्गा ऑनलाइन जुड़ी रहीं, जबकि काशी में नीलकान्त दुबे ने प्रतिनिधि के तौर पर भाग लिया. आयोजन से जुड़े लोगों के मुताबिक, पिशाचमोचन तीर्थ में पितरों की शांति और मोक्ष की कामना से धार्मिक अनुष्ठान किए जाते हैं.

पं. आशापति शास्त्री ने वाग्योग चेतनापीठम् के बारे में बताया कि इसकी स्थापना करीब 46 वर्ष पहले महामहोपाध्याय भागीरथ प्रसाद त्रिपाठी ‘वागीश शास्त्री’ ने की थी. संस्था 80 से अधिक देशों में सनातन परंपरा, भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना के प्रसार का दावा करती है. संस्था से 50 हजार से अधिक अनुयायियों के जुड़े होने की बात भी कही गई है.