अमेरिकी प्रतिनिधि सभा ने रूस और ईरान पर प्रतिबंधों से जुड़ा व्यापक विधेयक पारित कर दिया है. 262-159 मतों से मंजूर यह प्रस्ताव अब राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हस्ताक्षर के लिए भेजा गया है.
‘Graham Sanctioning Russia and Iran Act of 2026’ के तहत राष्ट्रपति को रूसी तेल और गैस खरीदने वाले देशों पर अतिरिक्त शुल्क लगाने का अधिकार मिल सकता है. यह शुल्क 100% तक हो सकता है और भारत तथा चीन जैसे बड़े खरीदार इसकी संभावित जद में हैं.
भारत के लिए इसका सीधा असर रूसी कच्चे तेल की खरीद और अमेरिका के साथ व्यापार संबंधों पर पड़ सकता है. यदि अतिरिक्त शुल्क लगाया जाता है, तो भारतीय कंपनियों के अमेरिकी बाजार में निर्यात की लागत बढ़ सकती है और नई दिल्ली पर रूसी ऊर्जा खरीद घटाने का दबाव बढ़ेगा.
विधेयक को लेकर अमेरिकी प्रतिनिधि सभा में कुछ डेमोक्रेट सांसदों ने आपत्ति जताई. उनका तर्क था कि प्रस्ताव राष्ट्रपति को शुल्क लगाने की बहुत व्यापक शक्तियां देता है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि ट्रंप विधेयक पर कब हस्ताक्षर करेंगे या भारत के खिलाफ किसी संभावित शुल्क की दर क्या होगी.
