रूस भारत से दवाओं, इलेक्ट्रॉनिक्स, सेवाओं और विदेशी फलों का आयात बढ़ाने की योजना पर काम कर रहा है. इसका उद्देश्य दोनों देशों के बीच बढ़ते व्यापार असंतुलन को कम करना और 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को 100 अरब डॉलर तक पहुंचाना है.
रूसी Chamber of Commerce के उपाध्यक्ष व्लादिमीर पाडाल्को ने कहा कि भारत की निर्यात क्षमता को देखते हुए वह रूस के लिए एक महत्वपूर्ण आपूर्तिकर्ता बन सकता है. उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक्स, फार्मास्यूटिकल्स और कृषि उत्पादों को संभावनाशील क्षेत्र बताया.
पाडाल्को के मुताबिक, रूसी कंपनियां भारत से अंगूर का आयात बढ़ाने के लिए कारोबारियों से चर्चा कर रही हैं. उन्होंने कहा कि इस व्यापार का मूल्य भविष्य में करोड़ों डॉलर तक पहुंच सकता है.
हालांकि, जल्दी खराब होने वाले कृषि उत्पादों के व्यापार के विस्तार के लिए बेहतर लॉजिस्टिक्स जरूरी होंगे. दोनों देशों के बीच डिजिटल और IT क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने की संभावनाओं पर भी जोर दिया गया है.
पाडाल्को ने बताया कि भारत-रूस व्यापार में 90 प्रतिशत से अधिक लेन-देन रूबल और रुपये में हो रहे हैं.
