रूस में सेना में शामिल भारतीय मूल के एक व्यक्ति को भारत वापस लाने की मांग को लेकर उसके पिता ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है. केंद्र सरकार ने अदालत को बताया कि मामले में उसकी भूमिका सीमित है, क्योंकि संबंधित व्यक्ति ने भारतीय नागरिकता छोड़कर रूसी नागरिकता ले ली थी.

मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ ने केंद्र से बेटे की वापसी के सभी संभावित विकल्प तलाशने को कहा. सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा कि सरकार मानवीय सहायता समेत संभावित रास्तों पर विचार करेगी. उन्होंने यह भी कहा कि रूसी अधिकारी संबंधित व्यक्ति के बारे में जानकारी देने से इनकार कर सकते हैं.

पढ़ाई के लिए रूस गया था युवक

याचिका के अनुसार, युवक अप्रैल में पढ़ाई के लिए रूस गया था. वहां पहुंचने के कुछ महीनों बाद मॉस्को स्थित भारतीय दूतावास ने परिवार को संदेश भेजकर बताया कि वह रूसी नागरिक के तौर पर रूसी सेना में शामिल हो गया है. दूतावास ने मामले को रूस के रक्षा मंत्रालय के सामने उठाने और युवक को रिहा करने का अनुरोध करने की जानकारी भी परिवार को दी.

दूतावास के मुताबिक, उपलब्ध दस्तावेजों में युवक द्वारा भारतीय नागरिकता स्वेच्छा से छोड़ने और रूसी पासपोर्ट हासिल करने का उल्लेख था. परिवार को बताया गया कि रूसी अधिकारियों से जवाब मिलने के बाद आगे की जानकारी दी जाएगी.

नागरिकता और भर्ती पर उठे सवाल

पिता ने याचिका में सवाल उठाया है कि उनके बेटे ने इतने कम समय में रूसी नागरिकता कैसे हासिल की और सेना में उसकी भर्ती किन परिस्थितियों में हुई. सुप्रीम कोर्ट ने मॉस्को में उसकी पढ़ाई का इंतजाम करने वाले बिचौलिए के साथ हुए समझौते की जानकारी भी मांगी.

अदालत ने यह भी पूछा कि रूसी अधिकारियों द्वारा नागरिकता बदलने की जानकारी दिए जाने के बाद केंद्र इस मामले में किस हद तक हस्तक्षेप कर सकता है. मेहता ने संबंधित मंत्रालय से मानवीय सहायता की संभावना पर निर्देश लेने की बात कही.