रक्षा मंत्रालय की 2025-26 की वार्षिक रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय वायुसेना की S-400 वायु रक्षा इकाई ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान 314 किलोमीटर की दूरी से एक पाकिस्तानी विशेष मिशन विमान को नष्ट किया. रिपोर्ट में इसे भारत की ओर से किए गए सबसे लंबी दूरी के सतह से हवा में मार करने वाले अभियानों में से एक बताया गया है.

रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय रडारों ने खतरे को बिना सक्रिय संकेत दिए ट्रैक किया और लंबी दूरी की मिसाइल को उसकी लक्ष्य-सीमा के अंतिम छोर तक निर्देशित किया गया. रक्षा मंत्रालय ने कहा कि इस कार्रवाई से यह प्रदर्शित हुआ कि काफी दूरी पर मौजूद लक्ष्य भी भारतीय वायु रक्षा ढांचे की पहुंच में हैं.

केंद्रीकृत वायु रक्षा व्यवस्था

यह कार्रवाई 7 से 10 मई 2025 के बीच चले चार दिवसीय संघर्ष के दौरान किए गए व्यापक एकीकृत वायु रक्षा अभियान का हिस्सा थी. रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय वायुसेना ने स्वदेशी Integrated Air Command and Control System (IACCS) के जरिये संचालन पर केंद्रीकृत नियंत्रण और समन्वय बनाए रखा. इस प्रणाली ने सैन्य और नागरिक निगरानी सेंसरों को जोड़कर साझा हवाई स्थिति की तस्वीर उपलब्ध कराई.

रिपोर्ट में कहा गया है कि अलग-अलग स्थानों पर तैनात IAF Networked Tactical Nodes ने हवाई लक्ष्यों की पहचान और वर्गीकरण में भूमिका निभाई. प्रशिक्षित ऑपरेटरों ने यह सुनिश्चित किया कि संघर्ष के दौरान नागरिक विमानों को निशाना न बनाया जाए.

रक्षा मंत्रालय के अनुसार, भारतीय वायुसेना ने चकलाला, रहीम यार खान, सुक्कुर, मुरीद, सरगोधा, जैकबाबाद और भोलारी में पाकिस्तानी वायु रक्षा रडार, कमांड-एंड-कंट्रोल केंद्रों और सैन्य ढांचे पर भी हमले किए. रिपोर्ट ने भारत की प्रतिक्रिया को “calibrated but punitive” बताया और कहा कि सटीक सैन्य कार्रवाई का उद्देश्य आगे की escalation रोकना था.

रिपोर्ट के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 12 मई 2025 को एयर फोर्स स्टेशन आदमपुर का दौरा किया था. 15 अगस्त 2025 को अभियान में भूमिका के लिए वायुसेना कर्मियों को 219 राष्ट्रपति वीरता पुरस्कार दिए गए.