केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह साबरमती में ₹1,542 करोड़ से अधिक की रेलवे और विकास परियोजनाओं का लोकार्पण तथा शिलान्यास करेंगे. कार्यक्रम में देश की पहली LNG ट्रेन, WAG-12 इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव रखरखाव शेड और साबरमती स्टेशन से जुड़े विकास कार्यों का उद्घाटन प्रस्तावित है.

अहमदाबाद मंडल में ₹411 करोड़ की लागत से 404 किलोमीटर रेल मार्ग को कवच प्रणाली से लैस किया गया है. इसमें अहमदाबाद-पाटनपुर का 157 किलोमीटर और अहमदाबाद-सामखियाली का 247 किलोमीटर मार्ग शामिल है. कवच प्रणाली ट्रेनों की गति नियंत्रित करने और आगे चल रही ट्रेन से टक्कर के जोखिम को कम करने में मदद करती है.

साबरमती-कलोल-भांडू मोठा दौ, साबरमती-साणंद और जखवाड़ा सेक्शन में कुल 112.57 किलोमीटर लंबी लाइन पर ₹118.83 करोड़ की लागत से ऑटोमैटिक ब्लॉक सिग्नलिंग सिस्टम शुरू किया जाएगा. इससे ट्रेनों के बीच सुरक्षित दूरी बनाए रखने और लाइन की क्षमता बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है.

साबरमती इंटीग्रेटेड कोचिंग डिपो में 1,400 हॉर्सपावर क्षमता वाली दो ट्रेनों की DPC को डीजल-एलएनजी डुअल फ्यूल प्रणाली में बदला गया है. दोनों पर 2,000 किलोमीटर से अधिक का परीक्षण पूरा होने की जानकारी दी गई है. इनमें डीजल की जगह करीब 40 प्रतिशत तक LNG का उपयोग हो रहा है. इससे ईंधन लागत और पार्टिकुलेट मैटर उत्सर्जन घटने की उम्मीद है.

करीब ₹700 करोड़ की लागत से विकसित साबरमती लोकोमोटिव शेड में 300 WAG-12 इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव के रखरखाव की क्षमता होगी. अब तक 154 लोकोमोटिव का होमिंग हो चुका है और 2027-28 तक संख्या 300 करने का लक्ष्य है.

इसके अलावा ₹313.27 करोड़ की लागत वाली 21 किलोमीटर साबरमती-सरखेज रेल लाइन डबलिंग परियोजना का शिलान्यास किया जाएगा. इसे मार्च 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य है. परियोजना में साबरमती, गांधीग्राम, वस्त्रापुर और सरखेज स्टेशन शामिल हैं.