कांग्रेस के पंजाब प्रभारी सचिन पायलट ने BJP और शिरोमणि अकाली दल के दोबारा गठबंधन पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने इसे राजनीतिक मजबूरी, समझौते और दोनों दलों की कमजोर स्थिति का नतीजा बताया. पायलट ने कहा कि जिन मुद्दों को लेकर दोनों पार्टियां अलग हुई थीं, क्या वे अब खत्म हो गए हैं, यह उन्हें स्पष्ट करना चाहिए.
पायलट ने पंजाब में BJP और अकाली दल की चुनावी स्थिति पर भी टिप्पणी की. उनके मुताबिक, दोनों दलों ने राज्य में अपनी जमीन मजबूत करने के लिए फिर साथ आने का फैसला किया है. उन्होंने दावा किया कि पंजाब की जनता इस गठबंधन को स्वीकार नहीं करेगी.
राजस्थान में कांग्रेस के मुख्यमंत्री चेहरे से जुड़े सवाल पर पायलट ने कहा कि विधानसभा चुनाव 2028 में होने हैं और मुख्यमंत्री पद को लेकर फैसला चुनाव के समय किया जाएगा. उन्होंने यह भी कहा कि फिलहाल पार्टी का ध्यान संगठन को मजबूत करने और चुनावी प्रदर्शन बेहतर करने पर है.
पंजाब में कांग्रेस पहले ही संकेत दे चुकी है कि वह 2027 का विधानसभा चुनाव किसी घोषित मुख्यमंत्री चेहरे के बजाय सामूहिक नेतृत्व में लड़ सकती है.
