उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के देवबंद थाना क्षेत्र में 16 सितंबर को साखन नहर से मिले युवती के शव की पहचान सैनपुर उर्फ शहजादपुर गांव की ज्योति के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह गला दबाना सामने आई. मामले में पुलिस ने गांव निवासी मोहित और उसकी मां ओमवती को गिरफ्तार किया है.

पुलिस का दावा है कि मोहित के ज्योति से कई वर्षों से संबंध थे. शुरुआती पूछताछ में उसने कथित तौर पर बताया कि वह अपने बड़े भाई की साली से शादी करना चाहता था और उसे आशंका थी कि पुराने संबंध सामने आने पर परेशानी या बदनामी हो सकती है. पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि दूसरी लड़की से संबंध से जुड़े सभी तथ्यों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है और जांच जारी है.

छत पर बुलाने के बाद हत्या का आरोप

जांच के अनुसार, 15 सितंबर की रात मोहित ने ज्योति को बहाने से घर की छत पर बुलाया. पुलिस का आरोप है कि वहां उसका मोबाइल बंद करने के बाद गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई. इसके बाद मोहित ने अपनी मां को जगाकर घटना की जानकारी दी.

पुलिस के मुताबिक, मां-बेटे ने शव को बाइक के बीच में बैठाया और कपड़े से ढककर गांव से करीब 8 से 10 किलोमीटर दूर साखन नहर तक ले गए. आरोप है कि वहां शव को नहर में फेंक दिया गया.

जांच में CCTV फुटेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को शामिल किया गया. पुलिस ने मोहित की निशानदेही पर मृतका का टूटा हुआ Vivo मोबाइल और कथित तौर पर इस्तेमाल की गई Splendor बाइक बरामद की है. बाइक का पंजीकरण नंबर UP-11 DB-3290 बताया गया है.

17 सितंबर को मोहित के खिलाफ हत्या समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया. विवेचना में ओमवती की भूमिका सामने आने के बाद मामले में BNS की धारा 3(5) जोड़ी गई. दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया जा रहा है.