साहिबगंज जिले के राजमहल प्रखंड अंतर्गत पश्चिम जामनगर पंचायत में आवास योजना के लाभुकों का गृह प्रवेश कराया गया. यह कार्यक्रम झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत आयोजित किया गया. लाभुकों ने पूजा-अर्चना के बाद अपने नवनिर्मित पक्के मकानों में प्रवेश किया.
कार्यक्रम के दौरान लाभुक परिवारों को सम्मानित किया गया और उन्हें नए घर के लिए शुभकामनाएं दी गईं. लंबे समय से पक्के मकान की प्रतीक्षा कर रहे परिवारों के लिए यह अवसर खुशी का रहा.
समारोह में जिला परिषद सदस्य अब्दुल बारिक, पंचायत की मुखिया ऊषा कुमारी, बीपीओ गगन बापू और आवास समन्वयक रविकांत रवि समेत अन्य लोग मौजूद रहे. जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने कहा कि आवास योजनाओं का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को सुरक्षित और सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराना है.
साहिबगंज जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना, अबुआ आवास और अन्य आवास योजनाओं के तहत लाभुकों को घर उपलब्ध कराने तथा पूर्ण आवासों में गृह प्रवेश कराने के कार्यक्रम चल रहे हैं.
