मुंबई: IIT Bombay के छात्र साहिल वाकोडे के माता-पिता ने अपने बेटे की मौत की निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच की मांग करते हुए बॉम्बे हाई कोर्ट का रुख किया है. याचिका में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) से जांच कराने या विशेष जांच दल (SIT) गठित करने का अनुरोध किया गया है. परिवार ने जांच की निगरानी सेवानिवृत्त हाई कोर्ट न्यायाधीश से कराने की भी मांग की है.
20 वर्षीय साहिल वाकोडे IIT Bombay में BTech के दूसरे वर्ष के छात्र थे. उनकी 18 सितंबर को मौत हुई थी. माता-पिता का आरोप है कि साहिल को कथित जातिगत अपमान का सामना करना पड़ा और पुलिस ने मामले की गंभीरता के अनुरूप जांच नहीं की. Powai पुलिस ने उनकी शिकायत पर आत्महत्या के लिए उकसाने सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है.
याचिका में उस दिन की सभी CCTV फुटेज सुरक्षित रखने और घटना के गवाह छात्रों तथा शिक्षकों पर किसी तरह का दबाव न पड़ने देने का निर्देश देने की मांग की गई है. परिवार ने परीक्षा की उत्तरपुस्तिका के एक पन्ने के कथित रूप से गायब होने का मुद्दा भी उठाया है और मूल उत्तरपुस्तिका को फोरेंसिक जांच के लिए सुरक्षित रखने तथा उसकी चेन ऑफ कस्टडी की जांच की मांग की है.
माता-पिता ने मामले की जांच कर रहे अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं. हाई कोर्ट में याचिका पर 2 नवंबर को उल्लेख किए जाने की संभावना बताई गई है.
