साहित्य आजतक 2026 के ‘दिल से, दिल तक पहुंचे: शब्दों का सफर’ सत्र में लोकगीतों, जेलों के भीतर की जिंदगी और रचनात्मक लेखन के जरिए समाज को समझने पर चर्चा हुई. सत्र में लेखिकाएं जोया अहमद हुसैन, डॉ. वर्तिका नंदा, डॉ. मनोरमा मिश्रा और वंदना वाजपेयी शामिल रहीं.

लोकगीतों में दर्ज है पीढ़ियों का अनुभव

डॉ. मनोरमा मिश्रा ने कहा कि लोकगीत केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं हैं. इनमें पिछली पीढ़ियों के जीवन, श्रम, भावनाओं और सामाजिक अनुभवों की झलक मिलती है. उन्होंने बताया कि खेतों में काम करते किसान के गीतों में उसके परिश्रम और मनोदशा का असर दिखाई देता है. इसी तरह दादी-नानी और मांओं के गीतों में उनके संवाद, सुख-दुख और जीवन की स्मृतियां दर्ज रहती हैं.

उन्होंने कहा कि लोकगीत मौखिक परंपरा के जरिए पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़े हैं. कुछ गीतों का दस्तावेजीकरण हुआ है, लेकिन उन्हें केवल लिखकर सुरक्षित कर देना पर्याप्त नहीं है. नई पीढ़ी तक उनकी संवेदना और सांस्कृतिक संदर्भ भी पहुंचाना जरूरी है. डॉ. मिश्रा ने यह चिंता भी जताई कि कई नए लोकगीत फिल्मी धुनों पर लिखे जा रहे हैं, जिससे पारंपरिक लय और भावनाएं पीछे छूट रही हैं.

जेलों की दुनिया को समझने पर जोर

डॉ. वर्तिका नंदा ने बताया कि उन्होंने 1993 में पत्रकार के रूप में पहली बार तिहाड़ जेल में रिपोर्टिंग की थी. इसके बाद उन्होंने जेलों के भीतर की जिंदगी और वहां रहने वाले लोगों के अनुभवों पर लंबे समय तक काम किया. उनकी किताब ‘तिनका तिनका तिहाड़’ 2013 में प्रकाशित हुई थी. किताब के दस साल पूरे होने पर 2023 में इसे तिहाड़ जेल में दोबारा जारी किया गया.

उन्होंने बताया कि इस काम में कई बंदी और बंदिनियां भी शामिल रहे. डॉ. नंदा ने तिहाड़ के अलावा डासना जेल और मध्य प्रदेश की जेलों पर भी काम किया है. उनके अनुसार, जेलों को लेकर समाज में डर और कई धारणाएं मौजूद हैं, इसलिए वहां की वास्तविक दुनिया और लोगों के अनुभवों को समझना जरूरी है.

लेखन की शुरुआत भीतर की भावनाओं से

वंदना वाजपेयी ने कहा कि कहानी या कविता तब जन्म लेती है, जब कोई भावना या पीड़ा लेखक को भीतर तक प्रभावित करती है. खुशी, दुख, आशा और निराशा जैसे अनुभव लेखक को उन्हें शब्दों में ढालने के लिए प्रेरित करते हैं.

सत्र में यह भी सामने आया कि डॉ. मनोरमा मिश्रा और पत्रकार-लेखिका जोया अहमद हुसैन बचपन में इलाहाबाद के एक ही स्कूल और कक्षा में पढ़ती थीं. वर्षों बाद साहित्यिक मंच पर दोनों की मुलाकात ने कार्यक्रम को भावुक बना दिया. जोया ने पत्रकारिता से लेखन तक के अपने सफर और अपनी किताब ‘बाहरी जिंदगी’ की सात कहानियों के बारे में भी बात की.