बेमेतरा जिले के साजा क्षेत्र में देवकर से थानखमरिया तक बन रही सड़क को लेकर ग्राम पंचायत तेंदुआठा के ग्रामीणों ने नाली, जल निकासी और पेयजल व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं. लोक निर्माण विभाग के इस काम की लागत करीब 30 करोड़ रुपए बताई जा रही है.
ग्रामीणों का कहना है कि बस्ती के स्तर से ऊंचाई पर नाली बनाई जा रही है. इससे घरों का पानी नाली तक नहीं पहुंचने और बारिश के दौरान जलभराव की आशंका है. ग्रामीणों के अनुसार, फिलहाल एक तरफ नाली बनाई जा रही है, जबकि दूसरी तरफ सीसी रोड का काम शुरू हो गया है. जिस ओर नाली नहीं है, वहां पानी जमा होने की शिकायत भी की गई है.
ग्रामीणों ने यह भी कहा कि सीसी रोड बनने के बाद सड़क का स्तर करीब आठ इंच ऊंचा हो सकता है. उनका कहना है कि सड़क और नाली का लेवल तकनीकी मानकों और बस्ती की वास्तविक ऊंचाई के अनुरूप नहीं रखा गया तो घरों में पानी भरने की समस्या बढ़ सकती है.
पाइपलाइन टूटने और खुली खुदाई की शिकायत
नाली निर्माण के दौरान नल-जल योजना की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने की शिकायत भी सामने आई है. ग्रामीणों के मुताबिक, कई जगह घरों तक पानी पहुंचाने वाली पाइपलाइन टूट गई है, जिससे पेयजल आपूर्ति प्रभावित हो रही है. उन्होंने पाइपलाइन की जल्द मरम्मत की मांग की है.
स्कूल के सामने नाली निर्माण के लिए की गई खुदाई कई दिनों से खुली होने की बात भी ग्रामीणों ने कही है. उन्होंने बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए गड्ढे को भरने या सुरक्षित करने की मांग की.
ग्रामीण राजेश शर्मा, दामिन साहू और रुखमनी राजपूत ने निर्माण कार्य में सुधार और मौके का निरीक्षण कराने की मांग की. राजेश शर्मा ने कहा कि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीण आंदोलन कर सकते हैं.
पीडब्ल्यूडी के एसडीओ सागर साहू ने कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं को संज्ञान में लेकर सुधार कराया जा रहा है. उन्होंने बताया कि क्षतिग्रस्त पाइपलाइन दुरुस्त करने का प्रयास किया जा रहा है. पर्याप्त जगह और आवश्यकता होने पर नाली बनाई जाएगी. स्कूल के सामने खुले गड्ढे को जल्द भरवाने या उस पर कैप लगाने की बात भी उन्होंने कही.
