तमिलनाडु के सलेम जिले में पुलिस ने महिलाओं और नाबालिग छात्राओं के आपत्तिजनक वीडियो रिकॉर्ड कर कथित तौर पर ऑनलाइन बेचने के आरोप में 50 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान विजयराजा के रूप में हुई है और वह वाझापाड़ी के पास ‘शनीश्वर’ नाम से तंत्र-मंत्र केंद्र चलाता था.
पुलिस का दावा है कि आरोपी पूजा-पाठ और तंत्र-मंत्र के नाम पर महिलाओं और लड़कियों की हिडन कैमरों से रिकॉर्डिंग करता था. उसके पास से बरामद लैपटॉप में महिलाओं और स्कूली छात्राओं के 50 से अधिक वीडियो मिले हैं. पुलिस के मुताबिक, कुछ महिलाओं को नशीला पदार्थ मिला पानी या प्रसाद देकर बेहोशी की हालत में रिकॉर्ड किया गया हो सकता है. इन दावों की जांच जारी है.
छात्रा से कथित छेड़छाड़ के बाद मामला सामने आया
मामला तब सामने आया, जब विनायक चतुर्थी के लिए चंदा लेने पहुंची एक स्कूली छात्रा के साथ आरोपी ने कथित तौर पर छेड़छाड़ की कोशिश की. छात्रा ने परिवार को जानकारी दी, जिसके बाद परिजन और स्थानीय लोग आरोपी के केंद्र पर पहुंचे. पुलिस के अनुसार, भीड़ को देखकर आरोपी परिसर में ताला लगाकर भाग गया, लेकिन बाद में स्थानीय लोगों ने उसे पकड़कर वाझापाड़ी पुलिस को सौंप दिया.
पुलिस ने बताया कि आरोपी पहले बर्तन बनाने वाली फैक्ट्री में काम करता था. फैक्ट्री बंद होने के बाद उसने खुद को तंत्र-मंत्र का जानकार बताना शुरू किया. पूछताछ में उसने कथित तौर पर एक वेबसाइट को वीडियो भेजने और बदले में पैसे मिलने की बात स्वीकार की है.
पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी का मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल उपकरण जब्त किए हैं. जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि इस मामले में कोई अन्य व्यक्ति या संगठित नेटवर्क शामिल है या नहीं.
