इंडियन ओवरसीज कांग्रेस (IOC) के अध्यक्ष सैम पित्रोदा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हालिया प्रशंसा को लेकर संगठन के भीतर आलोचना का सामना कर रहे हैं. कनाडा स्थित IOC कार्यकर्ता देवांशु नारंग ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को पत्र लिखकर पित्रोदा को overseas wing के पद से हटाने की मांग की है.
नारंग ने पित्रोदा की टिप्पणियों को ‘शर्मनाक’ बताते हुए कहा कि कई कांग्रेस कार्यकर्ता उनके बयान से हैरान हैं. इसी मुद्दे पर IOC के उपाध्यक्ष जॉर्ज अब्राहम ने पित्रोदा को ईमेल भेजकर आपत्ति जताई. अब्राहम के अनुसार, पित्रोदा ने मोदी को व्यक्तिगत स्तर पर ‘गरमजोशी भरा, दयालु, प्रेमपूर्ण और caring’ बताया था.
अब्राहम ने कहा कि विदेशों में पार्टी पहले ही धर्मनिरपेक्षता, लोकतंत्र और अल्पसंख्यक अधिकारों पर अपनी चिंताएं समझाने के लिए संघर्ष कर रही है. उनके मुताबिक, व्यक्तिगत मित्रता और राजनीतिक समर्थन के बीच अंतर स्पष्ट न रहने से कांग्रेस के संदेश पर असर पड़ सकता है.
विवाद की शुरुआत पित्रोदा के मोदी को ‘पुराना मित्र’ और ‘गुजराती मित्र’ बताए जाने के बाद हुई थी. इसके बाद दोनों नेताओं ने दिवाली की शुभकामनाओं का सार्वजनिक आदान-प्रदान किया.
