बिहार के समस्तीपुर जिले में छेड़खानी की शिकायत पर युवक को हिरासत में लेने पहुंची डायल 112 की टीम के साथ हाथापाई का मामला सामने आया है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है, जिसमें सड़क किनारे कीचड़ में पुलिसकर्मी और युवक के बीच संघर्ष दिखाई दे रहा है.

यह मामला मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र में एनएच 122 के पास स्थानीय बाजार का बताया गया है. पुलिस के अनुसार, एक महिला ने डायल 112 पर कॉल कर बताया था कि गोलू कुमार नाम का युवक काफी देर से उसके साथ कथित तौर पर छेड़खानी कर रहा है. सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची.

पुलिस का कहना है कि एएसआई राजू यादव ने युवक को हिरासत में लिया और पुलिस वाहन में बैठाने का प्रयास किया. इसी दौरान युवक ने भागने की कोशिश की. उसे रोकने पर कथित रूप से अभद्र व्यवहार और हाथापाई शुरू हो गई.

सड़क से कीचड़ तक पहुंचा विवाद

पुलिस के मुताबिक, हाथापाई के दौरान युवक पुलिसकर्मी को घसीटते हुए सड़क किनारे कीचड़ तक ले गया. वहीं दोनों के बीच काफी देर तक संघर्ष हुआ. इस दौरान पुलिसकर्मी की वर्दी फटने की बात भी सामने आई. मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर प्रसारित होने लगा.

स्थिति बिगड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल को बुलाया गया. पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़ने के बाद गोलू कुमार को काबू कर हिरासत में लेकर थाने ले जाया गया. घटना के दौरान सड़क पर लोगों की भीड़ जुट गई और कुछ समय तक अफरा-तफरी का माहौल रहा.

मोहिउद्दीननगर थानाध्यक्ष विनय कुमार के अनुसार, युवक पर पुलिस के साथ अभद्र व्यवहार करने और सरकारी काम में बाधा डालने का आरोप है. पुलिस ने कहा है कि महिला से आवेदन लिया जाएगा और उसके आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. वायरल वीडियो और घटनास्थल से जुड़ी परिस्थितियों की भी जांच की जा रही है.