महाराष्ट्र के संभाजीनगर में सरकारी घाटी अस्पताल में आंखों के इलाज के लिए पहुंची 20 साल की युवती के साथ कथित तौर पर जबरदस्ती करने की कोशिश का मामला सामने आया है. पुलिस के मुताबिक, घटना 19 सितंबर की सुबह की है. मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है.
पुलिस के अनुसार, युवती की मुलाकात अस्पताल में रोहन रिडलॉन और विशाल चावरिया नाम के दो युवकों से हुई थी. आरोप है कि दोनों ने उसे रास्ता दिखाने के बहाने अपने साथ लिया और एक सुनसान, जर्जर इमारत की छत पर ले गए. वहां रोहन ने युवती के साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की.
पुलिस के मुताबिक, युवती ने आरोपी का विरोध किया और उसके हाथ पर काट लिया. इसके बाद वह वहां से भाग निकली. घटना के बाद 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी गई. बेगमपुरा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर आरोपियों की तलाश की.
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि विशाल चावरिया जुबली पार्क इलाके में है. पुलिस ने उसे वहां से गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के अनुसार, दूसरा आरोपी रोहन रिडलॉन मुंबई भागने की कोशिश कर रहा था. उसे जालना से गिरफ्तार किया गया.
पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि दोनों युवकों ने युवती को सुनसान इमारत तक क्यों ले जाया और क्या वे उसे पहले से जानते थे. बेगमपुरा थाने की प्रभारी प्रविणा यादव के मुताबिक, 112 पर मिली सूचना के बाद कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. मामले में आगे की जांच जारी है. आरोपों की अंतिम पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद होगी.
