Samsung ने भारत में Galaxy S26 सीरीज के स्मार्टफोन की कीमतों में 17% तक बढ़ोतरी की है. नई कीमतों के बाद सीरीज का 256GB स्टोरेज वाला बेस Galaxy S26 मॉडल ₹1,02,999 का हो गया है. इसकी शुरुआती कीमत ₹87,999 थी.

Galaxy S26 सीरीज को इस साल जनवरी में लॉन्च किया गया था. उस समय Galaxy S26 की शुरुआती कीमत ₹87,999, Galaxy S26+ की ₹1,19,999 और Galaxy S26 Ultra की शुरुआती कीमत ₹1,39,999 रखी गई थी.

अलग-अलग मॉडल की नई कीमतें

Galaxy S26 के 512GB वेरिएंट की कीमत 13.9% बढ़कर ₹1,22,999 हो गई है. Galaxy S26+ के 256GB मॉडल की कीमत 12.5% बढ़कर ₹1,34,999 और 512GB वेरिएंट की कीमत 10.7% बढ़कर ₹1,54,999 हो गई है.

Galaxy S26 Ultra के 256GB मॉडल की कीमत 10.7% बढ़कर ₹1,54,999 हो गई है. इसके 512GB वेरिएंट की कीमत 9.4% बढ़कर ₹1,74,999 हो गई है. टॉप मॉडल Galaxy S26 Ultra 1TB की कीमत अब ₹2,14,999 बताई गई है.

नई कीमतों के बाद Galaxy S26 सीरीज के सभी मॉडल ₹1 लाख से अधिक कीमत वाले हो गए हैं.

कंपनी की ओर से कीमत बढ़ाने के कारण पर तत्काल कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई. Samsung को भेजे गए सवालों का जवाब नहीं मिला. मोबाइल फोन क्षेत्र पर नजर रखने वाले उद्योग स्रोतों ने इस बढ़ोतरी के पीछे मेमोरी चिप, मदरबोर्ड और अन्य इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट की बढ़ती लागत को संभावित कारण बताया है.