बिहार के बाढ़ प्रभावित सारण जिले में हेलीकॉप्टर से गिराए जा रहे राहत सामग्री के पैकेट की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई. घटना शुक्रवार दोपहर अमनौर थाना क्षेत्र के परशुरामपुर गांव में राहत शिविर के पास हुई.
मृतक की पहचान गांव निवासी 58 वर्षीय अनिल कुमार सिंह के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि करीब 3:30 बजे हेलीकॉप्टर से गिराया गया राहत सामग्री का पैकेट उनके सिर पर लगा. इसके बाद उनकी मौत हो गई.
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. अधिकारियों का कहना है कि मौत का वास्तविक कारण ऑटोप्सी रिपोर्ट मिलने के बाद ही स्पष्ट होगा. अमनौर थाना प्रभारी ने यह भी कहा कि मृतक के सिर या शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं.
राहत अभियान के दौरान एक अन्य घटना में कम ऊंचाई पर उड़ रहे हेलीकॉप्टर से उड़ी टिन की चादर एक महिला के पैर से टकरा गई. महिला को मामूली चोट आई और इलाज के बाद उसकी स्थिति ठीक बताई गई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
