सरगुजा जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र स्थित मुटकी गांव में कथित मतांतरण, वन भूमि पर कब्जे और गांजा बिक्री को लेकर विवाद सामने आया है. सरपंच कृष्ण कुमार के नेतृत्व में ग्रामीणों ने उदयपुर थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी और मामले की जांच की मांग की.
ग्रामीणों के आवेदन के अनुसार, लखनपुर निवासी एक मुस्लिम युवक पहले से विवाहित है. आरोप है कि उसने गांव की एक महिला से कथित रूप से दूसरा विवाह किया और उसका मत परिवर्तन कराया. शिकायत में यह भी कहा गया है कि युवक ने ग्राम पंचायत की ओर से सुरक्षित रखी गई वन भूमि पर कब्जा कर वहां मकान बना लिया.
ग्रामीणों का दावा है कि ग्राम सभा में विवाह प्रमाण पत्र मांगे जाने पर संबंधित पक्ष कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका. आवेदन में युवक और महिला पर गांव में गांजा बेचने तथा युवाओं को नशे की लत लगाने के आरोप भी लगाए गए हैं.
शिकायतकर्ताओं ने यह आरोप भी लगाया है कि ग्रामीणों को धमकियां दी जा रही हैं और गांव का माहौल बिगड़ रहा है. आवेदन में महिला के पुराने मानव तस्करी मामले का भी उल्लेख किया गया है. हालांकि, इन सभी आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस जांच के बाद ही तथ्यों की स्थिति स्पष्ट होगी.
सरपंच कृष्ण कुमार का कहना है कि गांव की महिलाओं और युवाओं से जुड़े इन कथित मामलों के कारण सामाजिक माहौल प्रभावित हो रहा है. पुलिस ने ग्रामीणों का आवेदन लेकर जांच करने और तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है.
