मध्य प्रदेश के सतना जिले में एक कॉलेज छात्रा से मारपीट और घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किए जाने का मामला सामने आया है. पीड़िता की शिकायत के आधार पर कोलगवां थाना पुलिस ने चार छात्राओं के खिलाफ नामजद मामला दर्ज कर जांच शुरू की है.

पुलिस के मुताबिक, पीड़िता विट्स कॉलेज की छात्रा है. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि एक छात्र उसे WhatsApp पर परेशान करता था. विरोध करने पर कॉलेज की एक छात्रा ने उस पर अपने दोस्त के साथ संबंध बनाने का दबाव बनाया. इनकार करने के बाद विवाद बढ़ने और मारपीट की साजिश रचे जाने का आरोप है.

शिकायत के अनुसार, 6 सितंबर को एक आरोपी छात्रा पीड़िता को बाजार जाने का बहाना बनाकर स्कूटर से नगर वन के सामने सुनसान इलाके में ले गई. वहां तीन अन्य लड़कियां पहले से मौजूद थीं. आरोप है कि चारों ने पीड़िता को घेरकर लात-घूंसों और डंडों से पीटा. इस दौरान घटना का वीडियो भी बनाया गया.

पीड़िता ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उस छात्र से वीडियो कॉल पर माफी मांगने का दबाव भी बनाया गया, जिसके साथ संबंध बनाने से उसने इनकार किया था. घटना के बाद वह डर के कारण शुरुआत में चुप रही. परिवार को मामले की जानकारी वायरल वीडियो के एक रिश्तेदार तक पहुंचने के बाद हुई.

पीड़िता 11 सितंबर को परिजनों के साथ कोलगवां थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने उसके बयान दर्ज किए और वायरल वीडियो का परीक्षण कराया.

सीएसपी देवेंद्र प्रताप सिंह चौहान के अनुसार, शिकायत में चार छात्राओं के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. उन्होंने कहा कि विवाद की वजह और अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है तथा जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी.