दिल्ली के सत्य निकेतन हादसे के आरोपी हरिराम गुप्ता को पटियाला हाउस कोर्ट से राहत नहीं मिली. अदालत ने उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी. कोर्ट ने कहा कि मामले की जांच अभी शुरुआती चरण में है और अब तक चार्जशीट दाखिल नहीं की गई है, इसलिए इस स्तर पर जमानत देना उचित नहीं होगा.

अदालत के अनुसार, हरिराम गुप्ता खुद को इमारत से अलग बता रहे हैं, लेकिन रिकॉर्ड में इमारत का बिजली कनेक्शन उनके नाम पर दर्ज है. कुछ गवाहों ने निर्माण कार्य में उनकी भूमिका की बात भी कही है. कोर्ट ने यह भी कहा कि इमारत से हर महीने एक लाख रुपये से अधिक किराया मिलने की बात सामने आई है. इसके रखरखाव पर कितना खर्च किया गया, इसकी जांच भी जरूरी है.

जमानत पर सुनवाई के दौरान आरोपी की उम्र और स्वास्थ्य संबंधी दलीलें भी रखी गईं. अदालत ने माना कि ये पहलू महत्वपूर्ण हैं, लेकिन फिलहाल ऐसा कोई आधार नहीं है जिससे लगे कि उनकी स्थिति न्यायिक हिरासत में नहीं संभाली जा सकती. कोर्ट ने जेल अधीक्षक को आरोपी की निर्धारित दवाएं समय पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया.

सत्य निकेतन हादसे में सात लोगों की मौत हुई थी. मृतकों में पांच छात्र और दो मजदूर शामिल थे. हादसे में कई लोग घायल हुए थे और एक घायल की हालत गंभीर बताई गई थी.

दिल्ली पुलिस ने इस मामले में हरिराम गुप्ता, उनकी पत्नी उर्मिला गुप्ता और बेटे महेश गुप्ता को 7 सितंबर को गिरफ्तार किया था. मामले की जांच जारी है.