दिल्ली हाईकोर्ट ने सत्य निकेतन में पांच मंजिला पेइंग-गेस्ट हॉस्टल के ढहने की घटना को सामान्य दुर्घटना मानने से इनकार किया है. बुधवार को सुनवाई के दौरान मुख्य न्यायाधीश डीके उपाध्याय और न्यायमूर्ति तेजस करिया की पीठ ने इसे लापरवाही और कथित आपराधिक आचरण से जुड़ा मामला बताया. अदालत ने कहा कि छोटे शहरों से करियर बनाने की उम्मीद लेकर दिल्ली आए चार छात्रों के सपने इस घटना से टूट गए.

दिल्ली विश्वविद्यालय के साउथ कैंपस के पास स्थित यह इमारत 6 सितंबर को मरम्मत के दौरान ढह गई थी. मलबे में दबने से सात लोगों की मौत हुई थी और कई अन्य घायल हुए थे. अदालत सत्य निकेतन हादसे की स्वतंत्र जांच की मांग वाली जनहित याचिका पर सुनवाई कर रही थी. याचिका में सभी पेइंग-गेस्ट आवासों की जांच तथा पीड़ितों और उनके परिवारों के लिए मुआवजे और पुनर्वास योजना की मांग की गई है.

हॉस्टल की कमी पर अदालत की चिंता

अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल चेतन शर्मा ने अदालत को बताया कि घटना के बाद अधिकारियों ने कई कदम उठाए हैं. इनमें छात्रों के लिए हॉस्टल बनाने और जमीन व अन्य सुविधाओं की पहचान करने की प्रक्रिया शामिल है. पीठ ने कहा कि हॉस्टल की कमी नई समस्या नहीं है और छात्रों के पढ़ाई के लिए दिल्ली आने के बावजूद पर्याप्त आवास उपलब्ध नहीं हैं.

अदालत ने 7 सितंबर को मामले की उच्चस्तरीय MCD जांच का आदेश दिया था. उसने कहा था कि सरकार अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकती. पीठ ने दिल्ली विश्वविद्यालय और सरकारी हॉस्टलों की स्थिति के साथ-साथ पेइंग-गेस्ट आवासों की निगरानी और छात्रों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई थी.

पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दिल्ली पुलिस ने इमारत के मालिक हरिराम बंसल, उनकी पत्नी उर्मिला, बेटे महेश, श्रमिक ठेकेदार सनोज और सुधांशु को गिरफ्तार किया है. पुलिस पूछताछ में ठेकेदार ने कथित तौर पर बताया कि मरम्मत का काम हादसे से करीब 10 दिन पहले शुरू हुआ था. रिपोर्ट के मुताबिक, बेसमेंट को ग्राउंड फ्लोर के स्तर तक लाने के लिए वहां मलबा डाला गया और जगह बनाने के लिए एक दीवार हटाई गई थी.

हाईकोर्ट इस जनहित याचिका पर एक अन्य याचिका के साथ 25 सितंबर को अगली सुनवाई करेगा.