भारत ने सऊदी अरब में रह रहे अपने नागरिकों के लिए संशोधित आपातकालीन सुरक्षा दिशानिर्देश जारी किए हैं. यह सलाह यमन के हूती विद्रोहियों के ड्रोन और मिसाइल हमलों के बाद सऊदी अरब में बढ़ी सुरक्षा चिंताओं के बीच दी गई है.
रियाद स्थित भारतीय मिशन ने नागरिकों से खतरा टलने तक घरों या आवासीय इमारतों के भीतर रहने को कहा है. लोगों को खुले स्थानों, खिड़कियों और कांच की संरचनाओं से दूर रहने तथा बालकनी या छत पर खड़े नहीं होने की सलाह दी गई है.
दिशानिर्देशों के अनुसार, किसी चेतावनी की स्थिति में लोग शांत रहें और इमारत के भीतर सबसे नजदीकी सुरक्षित स्थान पर तेजी से पहुंचें. आंतरिक कमरा, जो खिड़कियों और कांच की फिटिंग से दूर हो, इसके लिए बेहतर माना गया है. बाहर मौजूद लोगों को निकटतम इमारत में जाने या किसी मजबूत अवरोध के पीछे शरण लेने को कहा गया है.
भारतीय मिशन ने बड़े जमावड़ों और जोखिम वाले इलाकों से बचने के साथ-साथ घटनाओं की तस्वीरें लेने से भी परहेज करने को कहा है. वाहन चला रहे लोगों को अलर्ट मिलने पर सुरक्षित जगह पर गाड़ी रोकने और फ्लाईओवर या ऊंची संरचनाओं से दूर रहने की सलाह दी गई है.
आपात स्थिति में मक्का, मदीना, रियाद और ईस्टर्न प्रोविंस में 911 तथा सऊदी अरब के अन्य हिस्सों में 998 पर संपर्क किया जा सकता है. नागरिकों से अधिकृत सऊदी अधिकारियों के आधिकारिक संचार माध्यमों से जारी निर्देशों का पालन करने को कहा गया है.
यह सलाह 10 अक्टूबर को रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट को निशाना बनाकर किए गए हमले के बाद आई है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, उस हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हुई थी और कई अन्य घायल हुए थे. इसके बाद भारतीय मिशन ने नागरिकों से हवाई हमलों के दौरान घरों के भीतर रहने तथा घटनाओं से संबंधित सूचना, तस्वीरें या वीडियो रिकॉर्ड कर साझा न करने की अपील की थी.
